राज्यपाल का औचक निरीक्षण: “शिक्षक ऐसा पढ़ाएं जिसे विद्यार्थी जीवन भर याद रखें”

राज्यपाल का औचक निरीक्षण: “शिक्षक ऐसा पढ़ाएं जिसे विद्यार्थी जीवन भर याद रखें”

बिलासपुर, 11 जुलाई 2025:
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री रमेन डेका ने आज कोटा स्थित डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार, स्टार्टअप्स और छात्रों के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

राज्यपाल ने प्राध्यापकों से स्पष्ट कहा कि “शिक्षक ऐसा पढ़ाएं जिसे विद्यार्थी जीवन भर याद रखें।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आदर्श शिक्षक वही होता है, जिसकी शिक्षा विद्यार्थियों के जीवन में स्थायी प्रभाव छोड़ जाए।

निरीक्षण के दौरान श्री डेका ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के त्वरित और प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता जताई। उन्होंने इस नीति की विशेषताओं की विस्तार से जानकारी भी साझा की और विश्वविद्यालय प्रशासन को नवाचार, गुणवत्ता शिक्षा और छात्रों के प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

स्टार्टअप्स और उद्यमिता पर फोकस

राज्यपाल ने भारत सरकार द्वारा विश्वविद्यालय में स्थापित इनक्यूबेशन सेंटर का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध संसाधनों एवं युवाओं को दिए जा रहे उद्यमिता प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि “आज के युग को युवा उद्यमियों की आवश्यकता है, जो देश को विकसित भारत 2047 की दिशा में ले जाएंगे।”

शैक्षणिक विकास और सुविधाओं की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के लैब, लाइब्रेरी, खेल सुविधाएं और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्राध्यापकों एवं विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत और छात्र संख्या में वृद्धि के लिए ठोस प्रयास करने की बात कही।

विशेष संस्थानों की जानकारी

राज्यपाल को विश्वविद्यालय की विशिष्ट इकाइयों जैसे:

छत्तीसगढ़ी संजोही

छत्तीसगढ़ शोध एवं सृजन पीठ

रेडियो रमन 90.4

भारतीय ज्ञान परंपरा केंद्र

रवींद्रनाथ टैगोर अंतरराष्ट्रीय कला एवं संस्कृति केंद्र

की जानकारी दी गई। साथ ही पुस्तक यात्रा, ऑटोमेटेड लाइब्रेरी, पौधारोपण कार्यक्रम आदि पहलुओं से भी अवगत कराया गया।

उपस्थित अधिकारीगण

इस अवसर पर राज्यपाल की अवर सचिव श्रीमती अर्चना पाण्डेय, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल तथा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर प्रदीप कुमार घोष सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ सदस्य मौजूद थे। कुलसचिव डॉ. अरविंद तिवारी ने विश्वविद्यालय प्रशासन की जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत-2047 मिशन एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन हेतु राज्यपाल श्री डेका प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों का सतत औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज उन्होंने डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय का दौरा किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *