पुरानी रंजिश में लोहे की रॉड से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ़्तार

पुरानी रंजिश में लोहे की रॉड से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ़्तार


बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गतौरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे का पट्टीनुमा रॉड भी जप्त किया गया है।

मामला थाना मस्तूरी का है, जहां दिनांक 22 मई 2025 की शाम करीब 6:30 बजे किराना दुकान के बाहर खड़े शशिकांत (उम्र 20 वर्ष) पर शिव खाण्डे ने जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना से पहले सुमेन्द्र खाण्डे नामक व्यक्ति ने दुकान से पानी का पाउच खरीदा और पैसे न देने को लेकर गाली-गलौच और धमकी दी थी। थोड़ी देर बाद वह अपने छोटे भाई शिव खाण्डे के साथ वापस लौटा और दोनों ने मिलकर शशिकांत को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद शिव खाण्डे ने लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे शशिकांत के पिता, मां और चाचा पर भी हमला किया गया।

घटना की रिपोर्ट पर मस्तूरी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 318/2025 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 109, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती अर्चना झा एवं डीएसपी मस्तूरी श्री एल.सी. मोहले के दिशा-निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी हरिशचन्द्र टाण्डेकर के नेतृत्व में आरोपी शिव खाण्डे को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी जप्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी को आज दिनांक 25 मई 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक सुजान जगत एवं आरक्षक देव सहाय जायसवाल का भी विशेष योगदान रहा।


Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *