समाधान शिविर में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला हुए शामिल, हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात

समाधान शिविर में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला हुए शामिल, हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात



“अंतिम छोर तक लाभ पहुंचाना ही सुशासन तिहार का लक्ष्य” – सुशांत शुक्ला

बिलासपुर, 22 मई 2025:
सुशासन तिहार के अंतर्गत बिल्हा ब्लॉक के ग्राम मदनपुर में आयोजित समाधान शिविर में बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन तिहार का मूल उद्देश्य है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में बहुआयामी विकास कार्य हो रहे हैं, जिनसे आमजन का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है।

समाधान शिविर में अकलतरी, भरवीड़ीह, चोरहादेवरी, गढ़वट, खैरीखुर्द, लखराम, मदनपुर, मोहतराई, परसदा, पौंसरा, सरवनदेवरी, सिंघरी और सेमरा सहित कुल 13 गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। कुल 7122 में से 7101 आवेदनों का मौके पर निराकरण कर प्रशासन ने तत्परता का परिचय दिया।

शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, जनपद अध्यक्ष श्री रामकुमार कौशिक, उपाध्यक्ष श्री विक्रम सिंह, बिल्हा सीईओ श्री संदीप पोयाम सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

विधायक श्री शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री साय की सभी गारंटियों को राज्य सरकार पूरा कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।

शिविर में लाभार्थियों को राशन कार्ड, श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गृह प्रवेश की चाबियाँ, किसान किताब, आयुष्मान कार्ड, जॉब कार्ड समेत कई योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल में ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर के दौरान स्वास्थ्य परीक्षण एवं आयुर्वेदिक दवाइयों का वितरण भी किया गया।

श्रीमती मंटोरा और पुसईया बाई को मिला नया आशियाना, छलकीं भावनाएं
सिंगरी गांव की निवासी श्रीमती मंटोरा और पुसईया बाई के लिए यह शिविर खुशियों की चाबी लेकर आया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें पक्के मकान की चाबी सौंपी गई। उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि पहले उनका घर कच्चा और छप्पर वाला था, जिससे बरसात में पानी टपकता था और हर साल मरम्मत में खर्च होता था। अब उन्हें न केवल सुरक्षित छत मिली है बल्कि सम्मान का एहसास भी हुआ है।

कार्यक्रम का संचालन श्री वासुदेव पाण्डेय ने किया।


Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *