छाता निर्माण से बदली दीदियों की दुनिया, ‘बिहान’ से मिली नई उड़ान

Uncategorized



बिलासपुर की ग्रामीण महिलाएं बन रही आत्मनिर्भरता की मिसाल

बिलासपुर, 22 मई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित ‘बिहान योजना’ ने बिल्हा विकासखंड की महिलाओं की ज़िंदगी में नया उजाला भर दिया है। भैंसबोड़ क्लस्टर की 34 ग्राम पंचायतों की 800 से अधिक महिलाएं अब छाता निर्माण कार्य से जुड़कर न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि हर माह 8-9 हजार रुपये की आय भी अर्जित कर रही हैं।

सामूहिक प्रयास और सरकारी सहयोग से महिलाओं के इस पहल को नई दिशा मिली है। स्वयं सहायता समूहों के जरिए छाता निर्माण का कार्य शुरू कर चुकी महिलाएं अब आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। दीदियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार जताते हुए कहा कि ‘बिहान’ ने उन्हें घर की देहरी पार कर आत्मनिर्भरता की राह दिखाई है।

श्रीमती सरिता कौशिक ने बताया कि योजना के तहत उन्हें प्रशिक्षण, कच्चा माल, तकनीकी मार्गदर्शन और विपणन की सुविधा भी मिल रही है, जिससे उनकी मेहनत का प्रतिफल और बेहतर मिल रहा है। आमागोहान में आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वयं दीदियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर महिलाओं ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से बनी विशेष छतरी भेंट की।

जिला प्रशासन भी इस प्रयास में कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने दीदियों से मिलकर भविष्य में और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि ‘बिहान योजना’ जिले में महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन का जरिया बन चुकी है। छाता निर्माण के अलावा महिलाएं सिलाई-कढ़ाई, मशरूम उत्पादन, अगरबत्ती निर्माण और बाड़ी विकास जैसी गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *