बिलासपुर पुलिस का साइबर फ्रॉड पर करारा प्रहार – 3 साल से फरार आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

बिलासपुर पुलिस का साइबर फ्रॉड पर करारा प्रहार – 3 साल से फरार आरोपी इंदौर से गिरफ्तार


ःः प्रेस विज्ञप्ति : थाना कोनी, जिला बिलासपुर ःः

बिलासपुर पुलिस द्वारा साइबर फ्रॉड और धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराधों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत कोनी थाना क्षेत्र में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने तीन साल बाद इंदौर से गिरफ्तार किया है।

प्रकरण में फरियादी अविनाश साहू, निवासी बिरकोना, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने जून 2022 से अगस्त 2022 के बीच गूगल पे के माध्यम से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ₹2,88,000 की ठगी की थी। मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई, जिसमें साइबर सेल की सहायता से आरोपी की लोकेशन खजराना, इंदौर (म.प्र.) में पाई गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एक विशेष टीम इंदौर रवाना की गई, जहां दबिश देकर आरोपी यश चावला (उम्र 34 वर्ष), निवासी श्रीराम कॉलोनी, कैलाशपुरी, खजराना, इंदौर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई उपरांत ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे 20 मई 2025 को बिलासपुर लाया गया और न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

इस सफल कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेन्द्र जायसवाल, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री अक्षय प्रमोद साबद्रा, थाना प्रभारी कोनी श्री किशोर केवट, रक्षित केंद्र निरीक्षक नवीन कुमार देवांगन, प्र.आर. अशफाक अली, आरक्षक अविनाश पांडे एवं आरक्षक दीपक मरावी की सराहनीय भूमिका रही।

बिलासपुर पुलिस साइबर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हेतु कटिबद्ध है और ऐसे तत्वों पर निरंतर निगरानी एवं कार्रवाई जारी है।


Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *