सरकंडा पुलिस को बड़ी सफलता – SECL क्वार्टर में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सरकंडा पुलिस को बड़ी सफलता – SECL क्वार्टर में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार


थाना – सरकंडा, जिला – बिलासपुर (छ.ग.)
अपराध क्रमांक – 706/2025 | धारा – 331(4), 305(ए) बीएनएस

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित SECL हेड क्वार्टर के एक क्वार्टर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए सरकंडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रविन्द्र कुमार रजा (उम्र 50 वर्ष), जो कि SECL हेड क्वार्टर में सहायक सुरक्षा उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं, ने 12 मई 2025 की रात लगभग 2:30 बजे कंट्रोल रूम में सीसीटीवी फुटेज चेक करते हुए देखा कि उनकी सहकर्मी रीता के क्वार्टर नं. A-275 में, जो उस समय खाली था, एक अज्ञात व्यक्ति दीवार फांद कर पीछे के दरवाजे से अंदर प्रवेश कर रहा है।

उन्होंने तत्काल अपने स्टाफ अनिल कुमार क्षत्री को मौके पर भेजा और स्वयं भी वहां पहुँचे, परंतु तब तक चोर एक गैस सिलेंडर (भारत गैस कंपनी), एक सिलिंग फैन और एक सिलाई मशीन – कुल अनुमानित कीमत ₹6000 – चोरी कर चुका था।

प्रार्थी की शिकायत पर सरकंडा थाने में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही की पहचान अर्जून राजपूत उर्फ रंगा (उम्र 19 वर्ष), निवासी नाग नागिन तालाब, बहतराई, थाना सरकंडा के रूप में हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेन्द्र जायसवाल व सीएसपी सरकंडा श्री सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्यवाही की गई।

रेड कार्यवाही के दौरान आरोपी अर्जून राजपूत को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार करते हुए चोरी किया गया माल अपने घर के पास झाड़ियों में छिपा कर रखने की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर जाकर माल बरामद कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 15.05.2025 को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *