बीईओ और क्लर्क पर रिश्वतखोरी का शिकंजा, कलेक्टर के निर्देश पर कड़ी कार्रवाई

बिलासपुर, 22 मार्च 2025: भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने कोटा विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और एक क्लर्क पर गाज गिराई है। प्राथमिक जांच में रिश्वत के आरोप सही पाए जाने के बाद बीईओ विजय पांडे को पद से हटा दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं, सहायक वर्ग-2 के लिपिक एकादशी पोर्ते को निलंबित कर दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

शिक्षिका श्रीमती नीलम भारद्वाज ने कलेक्टर अवनीश शरण द्वारा आयोजित कर्मचारी जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके दिवंगत पति, जो कि शिक्षक थे, के स्वत्वों (सेवा लाभ) के भुगतान के लिए 1.24 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। उन्होंने बताया कि कई बार गुहार लगाने के बावजूद बीईओ विजय पांडे ने भी कोई सुनवाई नहीं की।

कलेक्टर ने इस गंभीर मामले को तत्काल टीएल पंजी में दर्ज कर जिला शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। जांच में पुष्टि हुई कि बीईओ और क्लर्क ने शिक्षिका को जानबूझकर परेशान किया और बिना रिश्वत दिए स्वत्वों का भुगतान नहीं कर रहे थे।

सख्त प्रशासनिक कार्रवाई

जांच रिपोर्ट के आधार पर बीईओ विजय पांडे को उनके पद से हटाकर खुरदूर कोटा में प्राचार्य पद पर स्थानांतरित किया गया है। वहीं, लिपिक एकादशी पोर्ते को निलंबित कर रतनपुर हायर सेकेंडरी स्कूल में मुख्यालय नियत किया गया है। निलंबन अवधि में नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से जिले में सरकारी तंत्र में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ एक कड़ा संदेश गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *