बिलासपुर में फोटो वायरल करने की धमकी देकर 2 लाख रुपये की उगाही, 20 वर्षीय युवती गिरफ्तार

img 20261118 wa0012

साथ में खिंचवाए गए फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर कर रही थी ब्लैकमेल, पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

बिलासपुर। साथ में खिंचवाए गए फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग और रकम वसूली करने के मामले में बिलासपुर की सिटी कोतवाली पुलिस ने एक 20 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपिया ने वीडियो वायरल नहीं करने और सामाजिक रूप से बदनाम नहीं करने के एवज में पीड़ित से ऑनलाइन और नगद मिलाकर कुल 2 लाख रुपये की उगाही की थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सूर्या सोनी, उम्र 28 वर्ष, निवासी खपरगंज कल्लू बाड़ा, थाना सिटी कोतवाली ने 18 नवंबर 2026 को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपिया प्राची कश्यप पूर्व में उसकी दुकान पर काम करने आई थी। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई और फोन पर बातचीत व चैटिंग होने लगी। परिचय के दौरान दोनों ने साथ में कुछ फोटो खिंचवाए थे।

आरोप है कि बाद में युवती उन्हीं फोटो को अन्य लोगों के बीच वायरल कर सामाजिक रूप से अपमानित करने की धमकी देकर पैसे मांगने लगी। इतना ही नहीं, झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पीड़ित से रकम वसूली गई। लोक-लाज और सामाजिक बदनामी के डर से पीड़ित ने आरोपिया को ऑनलाइन और नगद माध्यम से कुल 2 लाख रुपये दे दिए।

इसके बावजूद आरोपिया द्वारा लगातार फोन कर वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए और पैसों की मांग की जा रही थी। पैसे नहीं देने पर आत्महत्या करने की धमकी देने की बात भी शिकायत में सामने आई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 692/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 296 एवं 351(3) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपिया प्राची कश्यप, पिता अशोक कश्यप, उम्र 20 वर्ष, निवासी गौठान के पास लोफंदी, थाना कोनी, जिला बिलासपुर को 18 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस की अपील: किसी भी व्यक्ति द्वारा फोटो, वीडियो या निजी जानकारी वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगे जाने पर डरें नहीं। तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखें।

खबर छत्तीसगढ़ | बिलासपुर

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *