नगरीय निकाय चुनाव 2025: मतदाताओं में उत्साह, भारी मतदान दर्ज

नगरीय निकाय चुनाव 2025: मतदाताओं में उत्साह, भारी मतदान दर्ज

बिलासपुर, 11 फरवरी 2025: जिले में आज संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनाव के दौरान मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिले के सभी सात नगरीय निकायों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन द्वारा पेयजल, व्हीलचेयर और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

मतदान केंद्रों पर युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। रतनपुर के खईय्या पारा स्थित प्राथमिक विद्यालय के मतदान केंद्र क्रमांक 26 में अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचीं श्रीमती यासमीन खान और उनके पति जमील खान ने कहा कि मतदान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और सभी को इसमें भाग लेना चाहिए।

रतनपुर के पुराना बस स्टैंड हाई स्कूल के मतदान केंद्र क्रमांक 260 में पहली बार मतदान कर रहे दृष्टिबाधित मतदाता निलेश सूर्यवंशी ने कहा कि प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सहायक सुविधा के कारण वे बिना किसी कठिनाई के मतदान कर पाए। वहीं, शहीद नूतन सोनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मतदान केंद्र क्रमांक 17 में मतदान करने पहुंचीं 77 वर्षीय रामकुमारी बाई और दिव्यांग भागमती बाई ने मतदान कर गर्व महसूस किया।

रतनपुर के ओछिनापारा और नवापारा के मतदान केंद्रों पर भी मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे यह साफ जाहिर हुआ कि लोकतंत्र के इस महापर्व में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *