बने खाबो-बने रहिबो 2.0 अभियान: रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा

बने खाबो-बने रहिबो 2.0 अभियान: रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा
IMG 20260819 WA0151 517x1024

रक्षाबंधन पर्व को लेकर मुंगेली जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच, गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी

मुंगेली, 18 अगस्त 2026। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुंगेली जिले में ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार यह अभियान 23 अगस्त तक जारी रहेगा।

अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा मिठाई दुकानों, डेयरी, होटल, किराना दुकानों सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और निर्माण प्रक्रिया की जांच की जा रही है।

टीम ने मुंगेली क्षेत्र में दीपक कन्फेक्शनरी छतौना, अमन डेयरी एंड डेली निड्स छतौना, राम कुमार चाय नाश्ता होटल जरहागांव, दिलीप कश्यप होटल जरहागांव एवं बावा होटल जरहागांव का निरीक्षण किया। इस दौरान लूज पेड़ा, लूज खोवा, नमकीन सहित विभिन्न खाद्य सामग्रियों की जांच की गई।

इसी क्रम में लोरमी क्षेत्र में मां संतोषी किराना स्टोर्स, मां भगवती जोधपुरी स्वीट्स, मेसर्स बजरंग होटल एवं मेसर्स सौरभ होटल का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन के निर्देश

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन करने के निर्देश दिए। संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, पीने योग्य पानी को ढककर रखने तथा खाद्य पदार्थों को छानने में इस्तेमाल होने वाले तेल का बार-बार उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई।

इसके अलावा खाद्य सामग्री की पैकिंग में अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने, खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंगों का इस्तेमाल नहीं करने, शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए अलग-अलग पात्र रखने तथा मिठाइयों में निर्धारित मात्रा से अधिक रंगों का प्रयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक पंजीयन अथवा लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही व्यवसाय संचालित करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

त्योहार के दौरान सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना उद्देश्य

‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजार में नकली एवं मिलावटी खाद्य सामग्री की रोकथाम करना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण और निर्माण प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने दुकानदारों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की है।

साथ ही आम नागरिकों से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता, पैकेजिंग, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *