मुंगेली में स्कूलों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर कलेक्टर सख्त, लापरवाही पर वेतन कटौती के निर्देश

मुंगेली में स्कूलों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर कलेक्टर सख्त, लापरवाही पर वेतन कटौती के निर्देश

सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों के व्यवस्थापन और सड़क सुरक्षा के लिए बनेगी कार्ययोजना | भस्करा में ऑयल पाम प्लांटेशन के लिए विद्युत एवं सिंचाई व्यवस्था का होगा निरीक्षण

मुंगेली, 17 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

स्कूलों और छात्रावासों के नियमित निरीक्षण के निर्देश

कलेक्टर ने शिक्षा एवं आदिवासी विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला स्तरीय अधिकारियों को स्कूलों और छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने तथा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में शत-प्रतिशत गणवेश वितरण कराने और प्रत्येक स्कूल में किचन गार्डन स्थापित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

किचन गार्डन की कार्ययोजना के संबंध में संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मिशन समन्वयक के एक दिवस के वेतन कटौती के निर्देश दिए। वहीं स्कूलों एवं छात्रावासों के निरीक्षण की पर्याप्त जानकारी नहीं देने पर मुंगेली एसडीएम के एक दिवस के वेतन कटौती के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्कूलों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मीडिया एवं सोशल मीडिया में स्कूल के बच्चों से संबंधित आंदोलन के विषय में दिए गए निर्देशों के अनुपालन और कार्ययोजना की भी समीक्षा की गई। अपेक्षित जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग के वेतन में कटौती के निर्देश दिए गए।

सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों के लिए बनेगी कार्ययोजना

गोधाम की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को हटाकर उचित स्थान पर रखने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुओं में रेडियम बेल्ट लगाने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

भस्करा में ऑयल पाम प्लांटेशन की सुविधाओं का होगा मूल्यांकन

लोरमी विकासखंड के ग्राम भस्करा में ऑयल पाम प्लांटेशन के लिए आवश्यक विद्युत व्यवस्था, मांग के अनुरूप पंप स्थापना और अन्य आवश्यकताओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विद्युत, उद्यानिकी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर आवश्यकताओं का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए।

डीसीएस और गिरदावरी कार्य में त्रुटि नहीं हो

राजस्व विभाग के अंतर्गत डीसीएस कार्ययोजना एवं प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने सर्वेयरों के लिए प्रशिक्षण आयोजित करने और निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित सर्वे एवं गिरदावरी पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खसरों का रैंडम चेक करने तथा डीसीएस कार्य की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा।

किसान पंजीयन और डिजिटल योजनाओं की समीक्षा

कलेक्टर ने एग्रीस्टेक के अंतर्गत किसान पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले में शत-प्रतिशत किसान पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान चलाकर पात्र किसानों का पंजीयन पूरा कराने को कहा।

पारस पोर्टल के निर्धारित टास्क समय-सीमा में पूर्ण करने और बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बच्चों के आधार पंजीयन की समीक्षा करते हुए छूटे हुए बच्चों का शत-प्रतिशत आधार पंजीयन कराने तथा आभा आईडी के शेष पंजीयन के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। आत्मनिर्भर दलहन योजना के लिए भी प्रभावी एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए।

सीएम हेल्पलाइन में धीमी प्रगति पर कार्रवाई

बैठक में सीएम हेल्पलाइन के विभागवार प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में धीमी प्रगति पाए जाने पर जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

समाज कल्याण विभाग की कार्यप्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उपसंचालक समाज कल्याण के निलंबन का प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए।

24 अगस्त के बाद केवल ई-ऑफिस से फाइलों का संचालन

कलेक्टर ने ई-ऑफिस के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि 24 अगस्त के बाद किसी भी विभाग की फाइल भौतिक रूप से प्रस्तुत नहीं की जाएगी। सभी कार्यालयों को ई-ऑफिस के माध्यम से फाइल भेजना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही ई-एचआरएमएस एवं आईगॉट की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि डिजिटल प्रणालियों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में स्वामित्व योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा सभी अनुविभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति हासिल करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *