रतनपुर महामाया मंदिर में गूंजा साइबर जागरूकता का संदेश, श्रद्धालुओं ने सेल्फी लेकर दिया जागरूकता का संदेश

रतनपुर महामाया मंदिर में गूंजा साइबर जागरूकता का संदेश, श्रद्धालुओं ने सेल्फी लेकर दिया जागरूकता का संदेश
IMG 20260816 WA0253 1024x576

रतनपुर/बिलासपुर। साइबर अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ अभियान के तहत 16 अगस्त 2026 को रतनपुर के प्रसिद्ध महामाया मंदिर परिसर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देना और जागरूकता संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। इसी क्रम में बिलासपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने QR कोड स्कैन कर अभियान की शुरुआत की थी और स्वयं सेल्फी लेकर नागरिकों को साइबर जागरूकता का संदेश दिया।

श्रद्धालुओं ने QR कोड स्कैन कर ली सेल्फी

रतनपुर पुलिस द्वारा महामाया मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान मंदिर परिसर में लगाए गए QR कोड को श्रद्धालुओं ने अपने मोबाइल से स्कैन किया और जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर साझा की।

खास बात यह रही कि अभियान में बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता फैलाने में अपना योगदान दिया।

IMG 20260816 WA0252 1024x576

OTP और बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की अपील

पुलिस टीम ने नागरिकों को समझाया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। इसके अलावा OTP, बैंक खाता संबंधी जानकारी, ATM कार्ड की जानकारी, PIN और अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

पुलिस ने यह भी अपील की कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना देरी किए पुलिस को इसकी सूचना दे, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

‘एक की जागरूकता, दूसरे को ठगी से बचा सकती है’

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी सभी नागरिकों को मिलकर जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है। एक व्यक्ति की जागरूकता दूसरे व्यक्ति को साइबर ठगी का शिकार होने से बचा सकती है।

पुलिस ने जिलेवासियों से ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ अभियान का हिस्सा बनने और साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सहयोग करने की अपील की है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में रतनपुर पुलिस एवं रक्षित निरीक्षक की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *