Bilaspur News: जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण पर पहुंचे कलेक्टर संजय अग्रवाल, बोले— “सरकारी अस्पताल में संसाधनों की कमी नहीं, सेवा और संवेदनशीलता दिखे”

Bilaspur News: जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण पर पहुंचे कलेक्टर संजय अग्रवाल, बोले— “सरकारी अस्पताल में संसाधनों की कमी नहीं, सेवा और संवेदनशीलता दिखे”

बिलासपुर, 31 जुलाई 2026। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने कलेक्टर संजय अग्रवाल शुक्रवार को औचक निरीक्षण पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे तक चले निरीक्षण में उन्होंने ओपीडी, विभिन्न वार्ड, डायलिसिस यूनिट, धनवंतरी मेडिकल स्टोर, नशा मुक्ति केंद्र, जिला पुनर्वास केंद्र, अस्पताल किचन और निर्माणाधीन मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सुबह लगभग सवा दस बजे तक तीन-चार डॉक्टर अनुपस्थित मिले। इस पर कलेक्टर ने तत्काल फोन पर जवाब-तलब करते हुए भविष्य में समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने की सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले हर मरीज को समय पर इलाज और सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए।

मरीजों से आत्मीय संवाद

वार्ड निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। आपातकालीन वार्ड में भर्ती एक बुजुर्ग महिला से उन्होंने कहा, “अम्मा, कैसे हो… सब ठीक हो जाएगा।” कलेक्टर के इस व्यवहार से महिला भावुक हो गई और अस्पताल में मिल रहे इलाज पर संतोष जताया।

स्कूलों में लगेंगे स्वास्थ्य जांच शिविर

नेत्र एवं दंत रोग विभाग में अपेक्षाकृत कम मरीज आने पर कलेक्टर ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने दोनों विभागों को स्कूलों और महाविद्यालयों में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों तक सेवाएं पहुंचाने के निर्देश दिए।

आयुष्मान योजना का अधिक लाभ दिलाने के निर्देश

कलेक्टर ने पात्र मरीजों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनवाने और खाद्य विभाग के समन्वय से अभियान चलाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में लगभग 30 मरीज आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार प्राप्त कर रहे हैं।

अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा

धनवंतरी मेडिकल स्टोर, अटल आरोग्य लैब, नशा मुक्ति केंद्र और जिला पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सेवाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्र से लगभग 150 लोग नशे की लत छोड़कर सामान्य जीवन में लौट चुके हैं, जबकि करीब 400 लोगों को नियमित दवा और परामर्श दिया जा रहा है।

भोजन और डायलिसिस सेवाओं पर भी नजर

अस्पताल किचन में भर्ती 115 मरीजों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता जांचते हुए कलेक्टर ने डॉक्टरों और स्टाफ को प्रतिदिन भोजन का स्वाद लेकर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं निःशुल्क डायलिसिस यूनिट में प्रतिदिन लगभग 30 मरीजों को उपचार मिलने की जानकारी भी ली।

निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

कलेक्टर ने निर्माणाधीन मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण कर कार्य शीघ्र पूरा करने और सिटी स्कैन सेवाओं के लिए सिम्स के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

जिला अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 500 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं, जबकि वर्तमान में 115 मरीज भर्ती हैं। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. एस. कुजूर, कंसल्टेंट सुश्री शेफाली कुमावत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे।

:::

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *