210 दिनों से आंदोलनरत छत्तीसगढ़ डीएड अभ्यर्थियों का प्रदर्शन दिल्ली पहुंचा, जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्रियों के इस्तीफे की मांग

210 दिनों से आंदोलनरत छत्तीसगढ़ डीएड अभ्यर्थियों का प्रदर्शन दिल्ली पहुंचा, जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्रियों के इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ के डीएड (D.Ed) अभ्यर्थियों का नियुक्ति को लेकर चल रहा आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है। पिछले 210 दिनों से आंदोलनरत अभ्यर्थियों का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहा है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

संघर्ष समिति का आरोप है कि सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद राज्य सरकार ने अब तक डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं दी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से जारी आंदोलन के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है।

दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे प्रतिनिधिमंडल ने देशभर में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चल रहे आंदोलनों के प्रति भी समर्थन जताया। समिति ने नीट परीक्षा से जुड़े विवादों और छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की।

संघर्ष समिति की प्रमुख मांगें

  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।
  • छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव नियुक्तियों में देरी और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली की जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ें।
  • न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए डीएड अभ्यर्थियों को तत्काल नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं।

संघर्ष समिति ने कहा कि यह केवल नियुक्ति का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही का प्रश्न है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *