शिक्षा और पेपर लीक के खिलाफ रायपुर में युवाओं की हुंकार, 19 जुलाई को निकलेगा जनआंदोलन

शिक्षा और पेपर लीक के खिलाफ रायपुर में युवाओं की हुंकार, 19 जुलाई को निकलेगा जनआंदोलन

रायपुर, 17 जुलाई। देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग और नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में रायपुर में 19 जुलाई को युवाओं द्वारा जनआंदोलन निकाला जाएगा। आंदोलन की तैयारी के तहत शुक्रवार को सर्व समाज एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिला दंडाधिकारी (एडीएम) को कार्यक्रम की औपचारिक सूचना सौंपी।

आयोजकों के अनुसार 19 जुलाई को दोपहर 12 बजे घड़ी चौक से डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक तक शांतिपूर्ण रैली निकाली जाएगी। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने राजभवन की ओर प्रस्थान करेगा।

ज्ञापन में शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक की घटनाओं पर कड़ी और समयबद्ध कार्रवाई, शिक्षा प्रणाली में जवाबदेही तय करने, सोनम वांगचुक के आंदोलन के समर्थन तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग शामिल रहेगी।

इससे पहले घड़ी चौक में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में छात्र, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में शिक्षा व्यवस्था की स्थिति, परीक्षाओं की पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य पर विस्तार से चर्चा की गई।

वक्ताओं ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने लाखों विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। इससे युवाओं का व्यवस्था पर विश्वास कमजोर हुआ है और यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो इसका गंभीर असर शिक्षा और रोजगार व्यवस्था पर पड़ेगा।

बैठक में 20 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित आंदोलन के समर्थन का भी निर्णय लिया गया। आयोजकों ने कहा कि रायपुर से उठने वाली आवाज राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा सुधार की मांग को मजबूती देगी और इसके लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ा जाएगा।

आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध में नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशभर के विद्यार्थियों, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

प्रमुख मांगें

  • शिक्षा व्यवस्था में व्यापक एवं प्रभावी सुधार।
  • प्रतियोगी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
  • पेपर लीक के मामलों पर कठोर एवं समयबद्ध कार्रवाई हो।
  • युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कानून लागू किया जाए।
  • सोनम वांगचुक की मांगों पर सकारात्मक पहल की जाए।
  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *