स्मार्ट मीटर से बदलेगी बिजली व्यवस्था, उपभोक्ताओं को मिलेंगी रियल-टाइम डिजिटल सुविधाएं

स्मार्ट मीटर से बदलेगी बिजली व्यवस्था, उपभोक्ताओं को मिलेंगी रियल-टाइम डिजिटल सुविधाएं

बिलासपुर, 16 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) प्रदेश में बिजली वितरण व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए स्मार्ट मीटर परियोजना का तेजी से विस्तार कर रही है। नई व्यवस्था के लागू होने से उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत की रियल-टाइम जानकारी मिलेगी, जिससे वे उपयोग पर बेहतर नियंत्रण रख सकेंगे और अनावश्यक बिजली खर्च कम कर सकेंगे।

स्मार्ट मीटर के जरिए मीटर रीडिंग पूरी तरह डिजिटल होगी, जिससे मानवीय त्रुटियों में कमी आएगी और बिजली बिल पहले की तुलना में अधिक सटीक एवं पारदर्शी तरीके से तैयार होंगे। उपभोक्ता ‘मोर बिजली’ ऐप के माध्यम से अपनी दैनिक और मासिक बिजली खपत की निगरानी कर सकेंगे, साथ ही ऊर्जा बचत के लिए बेहतर निर्णय भी ले सकेंगे।

ऐप में स्मार्ट मीटर सेक्शन के अंतर्गत खपत पूर्वानुमान (Consumption Forecast) की नई सुविधा भी जोड़ी गई है। इसकी मदद से उपभोक्ता वर्तमान माह की अनुमानित बिजली खपत, पिछले माह तथा पिछले वर्ष की समान अवधि की खपत की तुलना आसानी से कर सकेंगे। इससे बिजली उपयोग को निर्धारित सीमा में रखने और अतिरिक्त खर्च से बचने में सहायता मिलेगी।

सीएसपीडीसीएल का कहना है कि स्मार्ट मीटर तकनीक बिजली चोरी पर नियंत्रण, लाइन लॉस में कमी और वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राज्य की विद्युत सेवाओं को डिजिटल और उपभोक्ता-केंद्रित बनाया जा रहा है।

स्मार्ट मीटर परियोजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित बिजली सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि छत्तीसगढ़ की विद्युत वितरण व्यवस्था डिजिटल युग के अनुरूप और अधिक मजबूत बन सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *