जनदर्शन में गूंजीं राशन, मजदूरी, बिजली और अतिक्रमण की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

जनदर्शन में गूंजीं राशन, मजदूरी, बिजली और अतिक्रमण की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

बिलासपुर, 14 जुलाई। जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में राशन वितरण में अनियमितता, मजदूरी भुगतान, अवैध अतिक्रमण, आंगनबाड़ी निर्माण, बिजली कटौती और राजस्व संबंधी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे।

सेंवार सरपंच ने सौंपे तीन अहम ज्ञापन

ग्राम पंचायत सेंवार के सरपंच दिलहरनलाल रजक ने गांव के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े तीन अलग-अलग ज्ञापन कलेक्टर को सौंपे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए 200 फलदार पौधे उपलब्ध कराने, पूर्व माध्यमिक शाला में जर्जर शौचालय के स्थान पर नए शौचालय एवं प्रार्थना शेड निर्माण तथा मुक्तिधाम, छोटकी छुइहा तालाब और साप्ताहिक बाजार स्थल से अवैध अतिक्रमण हटाकर सीमांकन कराने की मांग की।

राशन दुकान में कम तौल की शिकायत

ग्राम पंचायत नवागांव सोनसाय के ग्रामीणों ने राशन दुकान संचालक पर कम राशन देने का आरोप लगाया। शिकायत के अनुसार जांच में ई-पॉस मशीन से जुड़े कांटे में 20 किलो पर लगभग आधा किलो और 35 किलो पर करीब 800 ग्राम तक कम तौल की गड़बड़ी सामने आई। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि हितग्राहियों को चने का वितरण नहीं किया गया।

मजदूर ने लगाई बकाया मजदूरी दिलाने की गुहार

तखतपुर तहसील के नवापारा निवासी ईंट भट्ठा मजदूर भोजराम डहरिया ने कलेक्टर से न्याय की मांग करते हुए बताया कि उन्होंने 57,158 ईंटें बनाई थीं, जिसके एवज में 59,850 रुपये मजदूरी बनती है। आरोप है कि भट्ठा संचालक ने केवल 36 हजार रुपये का भुगतान किया और शेष 23,850 रुपये देने से इंकार कर दिया। कलेक्टर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

राशन कार्ड ट्रांसफर और आंगनबाड़ी निर्माण का मामला

खमतराई वार्ड निवासी वृंदा पटेल ने अपना राशन कार्ड बिलासपुर से रायगढ़ जिले में स्थानांतरित कराने का आवेदन दिया। वहीं मस्तूरी विकासखंड के वृंदावन निवासी दुकेश कुमार पाटले ने गांव से तीन किलोमीटर दूर बनाए जा रहे आंगनबाड़ी केंद्र पर आपत्ति जताते हुए इसे गांव के भीतर बनाने की मांग की।

अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान

कोटा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चपोरा की सरपंच दीपमाला ने चपोरा विद्युत सब-स्टेशन के अंतर्गत आने वाले मोहतरा, चपोरा, बांसाझाल और पुडू फीडरों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अन्य शिकायतों पर भी दिए निर्देश

जनदर्शन में शाला प्रवेशोत्सव, अवैध कब्जा, भूमि एवं राजस्व संबंधी कई शिकायतें भी प्राप्त हुईं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध जांच कर समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *