जनदर्शन में सुनी गईं आमजनों की समस्याएं, 90 से अधिक मामलों पर हुई सुनवाई

मुंगेली, 16 जून 2026। जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित इस जनदर्शन में डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा ने आमजनों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
जनदर्शन में आवास, शौचालय, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आधार कार्ड, पेयजल और भूमि संबंधी समस्याओं सहित 90 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासन ने सभी आवेदनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोरमी विकासखंड के ग्राम नवागांव टेल्का निवासी ओमप्रकाश ग्वाले ने भूमि डायवर्सन कराने की मांग की। वहीं धनगांव चालान के सोनू श्रीवास ने नल-जल योजना के तहत कनेक्शन और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया। पथरिया विकासखंड के ग्राम कपुवा निवासी समीर पाल ने आधार कार्ड बनवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
इसके अलावा ग्राम केशरूवाडीह के ग्रामीणों ने सीसी रोड निर्माण, ग्राम सिंगबांधा की सोनी साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, ग्राम बघमार के अमर दास कोसले ने भूमिहीन मजदूर किसान कल्याण योजना का लाभ प्रदान करने तथा ग्राम फरहदा के हरि सिंह ध्रुव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृत कराने की मांग रखी।
इसी प्रकार ग्राम पीथमपुर के विकास जांगड़े ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण तथा ग्राम मनकी के सीताराम ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।
प्रशासन ने सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जनदर्शन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *