प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष: सेवा, सुशासन और विकास का नया अध्याय – उप मुख्यमंत्री अरुण साव

बिलासपुर, 16 जून 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से शुरू हुई विकास यात्रा जनता के विश्वास, पारदर्शी शासन और गरीब कल्याण के संकल्प पर आधारित रही है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार देश की सेवा का अवसर मिलना देशवासियों के विश्वास और सरकार की नीतियों का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने सुशासन, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, दीपक ठाकुर एवं हर्षिता पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जनकल्याणकारी योजनाओं से बदली करोड़ों लोगों की जिंदगी
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि केंद्र सरकार की जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे हितग्राहियों के खातों तक पहुंची है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत हुई है।
आधारभूत संरचना के विकास को मिली नई गति
उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में सड़क, रेल, मेट्रो, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों को लाभ मिला है, वहीं रेलवे के विद्युतीकरण और वंदे भारत ट्रेनों ने आधुनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा दी है।
वैश्विक मंच पर बढ़ी भारत की प्रतिष्ठा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने विकास के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को भी सशक्त किया है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और बढ़ते विदेशी निवेश भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित, आत्मनिर्भर और समावेशी भारत के निर्माण का अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है तथा केंद्र सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *