12 जून को कुसमुंडा में ठेका मजदूरों और भूविस्थापितों का महासैलाब, अधिकारों की लड़ाई को मिलेगा नया तेवर

RCWF के आह्वान पर महतारी अंगना मैदान में होगी विशाल महासभा, तैयारियों को लेकर बैठक में बनाई गई रणनीति
कोरबा/कुसमुंडा।
कोयला खदानों और औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत ठेका मजदूरों तथा भूविस्थापितों के अधिकारों की लड़ाई को नई धार देने के लिए 12 जून को कुसमुंडा में विशाल महासभा आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय कालरी वर्कर्स फेडरेशन (RCWF) के प्रोफेसर भागवत प्रसाद दुबे के आह्वान पर आयोजित इस महासभा में हजारों श्रमिकों और भूविस्थापितों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।
महासभा शुक्रवार, 12 जून को दोपहर 3 बजे कुसमुंडा स्थित महतारी अंगना मैदान में आयोजित होगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजकों ने एक महत्वपूर्ण बैठक कर रणनीति तैयार की और विभिन्न जिम्मेदारियां तय कीं।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कोयला खदानों और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में ठेका मजदूरों तथा भूविस्थापितों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। प्रबंधन और आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा उनके अधिकारों, सुरक्षा और वैधानिक सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। ऐसे हालात में सभी प्रभावित वर्गों को एक मंच पर लाकर उनके हक और सम्मान की लड़ाई को मजबूत करना महासभा का प्रमुख उद्देश्य बताया गया।
बैठक में कैलाश साहू, विनोद सारथी, अशोक पटेल, विष्णु प्रसाद, गोविंदा सारथी, राजेन्द्र पटेल, संतोष चौहान, ललित महिलांगे, कान्हा प्रकाश जायसवाल, राजू पटेल, नरेश महंत, हेमंत नामदेव, प्रमोद चंद्रा, उदय पटेल, सुरेश पटेल, रामकुमार चन्द्रा, आनंद यादव, गणेश दास, विजय महंत, अनिल कंवर, देवनाथ नामदेव, बोधन चौहान, अशोक देवांगन, जितेन्द्र साहू सहित बड़ी संख्या में श्रमिक प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजक समिति ने कुसमुंडा और आसपास के क्षेत्रों के ठेका श्रमिकों, भूविस्थापित परिवारों तथा प्रभावित नागरिकों से महासभा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर एकजुटता दिखाने और अपने अधिकारों की आवाज को बुलंद करने की अपील की है।

“12 जून को कुसमुंडा में होने वाली यह महासभा श्रमिकों और भूविस्थापितों के अधिकारों की लड़ाई में कितना बड़ा मोड़ साबित होगी, इस पर पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं।”

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *