NEET, CBSE, SSC और CUET परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में NSUI का प्रदर्शन, देवेंद्र यादव सहित कई कार्यकर्ता गिरफ्तार

बिलासपुर, 4 जून। NEET, CBSE, SSC एवं CUET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार के विरोध में छत्तीसगढ़ एनएसयूआई ने बुधवार को बिलासपुर सांसद निवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। एनएसयूआई नेताओं का कहना है कि देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य, सपनों और अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने केंद्र सरकार और भाजपा पर छात्र विरोधी नीतियां अपनाने तथा युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया गया और लाठीचार्ज भी किया गया। इस कार्रवाई में कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
एनएसयूआई के अनुसार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सचिव एवं भिलाई विधायक देवेंद्र यादव सहित कई आंदोलनकारी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर कोनी थाना पहुंचाया। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
वहीं, प्रदर्शन के दौरान घायल हुए कुछ कार्यकर्ताओं को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी रहा।
एनएसयूआई और कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के अधिकारों की रक्षा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। संगठन ने चेतावनी दी कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी समर्थन व्यक्त किया। संगठन ने परीक्षा प्रणाली में सुधार, पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई और छात्रों के हितों की रक्षा की मांग उठाई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *