एक कॉल में समाधान: अब 1076 पर दर्ज होगी हर शिकायत

“समस्या तुंहर, समाधान हमर” थीम पर जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा
मुंगेली। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण के लिए जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सेवा जल्द शुरू की जा रही है। “समस्या तुंहर, समाधान हमर” थीम पर आधारित इस नई व्यवस्था के तहत अब लोग सिर्फ एक फोन कॉल के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और उसकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी कर पाएंगे।
जिला कलेक्टोरेट के मनियारी सभाकक्ष में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली पर प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अधिकारियों को शिकायत पंजीयन, ट्रैकिंग और निराकरण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
प्रशासन के अनुसार राज्य के भीतर से नागरिक 1076 नंबर तथा राज्य के बाहर से 1800-233-3300 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायतें वेब पोर्टल, मोबाइल एप, व्हाट्सएप और भौतिक आवेदन के माध्यम से भी स्वीकार की जाएंगी।
नई प्रणाली के तहत प्रत्येक शिकायत को एक विशेष टोकन नंबर दिया जाएगा, जिससे शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति हर स्तर पर ट्रैक कर सकेंगे। शिकायतों के समाधान के बाद संबंधित व्यक्ति से फीडबैक भी लिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरटीआई से जुड़े मामले, न्यायालय में लंबित प्रकरण, मांग संबंधी आवेदन, विभागीय स्थापना संबंधी विषय तथा केंद्र सरकार से जुड़े मामलों की शिकायतें इस हेल्पलाइन में स्वीकार नहीं की जाएंगी।
कलेक्टर ने कहा कि यह सेवा शासन की महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल है, जिसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से सेवा शुरू होते ही हेल्पलाइन नंबर 1076 का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *