सुशासन तिहार-2026: कारीडोंगरी में लगा समाधान शिविर, 780 से अधिक आवेदनों पर कार्रवाई

सुशासन तिहार-2026: कारीडोंगरी में लगा समाधान शिविर, 780 से अधिक आवेदनों पर कार्रवाई

मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर चलाए जा रहे सुशासन तिहार-2026 के तहत लोरमी विकासखंड के ग्राम कारीडोंगरी में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला समूहों की सदस्याएं, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में 26 ग्राम पंचायतों से 780 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण की प्रक्रिया जारी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान और लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया।
वनमण्डलाधिकारी अभिनव कुमार ने ग्रामीणों को पर्यावरण और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आने वाले समय में जल संकट गंभीर चुनौती बन सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण, वर्षा जल संचयन और सौर ऊर्जा अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इनमें पीएम जनमन आवास की चाबी, शौचालय स्वीकृति आदेश, जॉब कार्ड, सामुदायिक निवेश कोष के चेक, पेंशन स्वीकृति आदेश, राशन कार्ड, श्रमिक पंजीयन कार्ड, सुपोषण टोकरी, आयुष्मान कार्ड और किसानों को केसीसी चेक व मिनी किट वितरित किए गए।
कार्यक्रम में अजीत पुजारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *