“सही दवा, शुद्ध आहार” अभियान: मुंगेली में मेडिकल स्टोर्स और होटलों पर सख्त निरीक्षण, एक होटल पर कार्रवाई

“सही दवा, शुद्ध आहार” अभियान: मुंगेली में मेडिकल स्टोर्स और होटलों पर सख्त निरीक्षण, एक होटल पर कार्रवाई


छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं औषधि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “सही दवा, शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान तेज़ी से जारी है। मुंगेली जिले में भी प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ कार्रवाई कर रहा है।

कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने जिले में 11 मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 और नियमावली 1945 के तहत की गई। निरीक्षण के दौरान दवाओं के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और स्टॉक की जांच की गई।

मेडिकल स्टोर्स संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि दवाओं की बिक्री केवल पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में हो और शेड्यूल दवाएं बिना डॉक्टर की पर्ची के न बेची जाएं।
गर्मी के मौसम को देखते हुए दवाओं के सुरक्षित भंडारण और तापमान नियंत्रण बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

इसी अभियान के तहत टीम ने डेयरी उत्पाद बेचने वाले होटल और दुकानों का भी निरीक्षण किया। दूध, दही, पनीर, लस्सी और छाछ के कुल 4 नमूने जांच के लिए लिए गए।

निरीक्षण के दौरान एक होटल में अखबार में खाद्य सामग्री परोसते पाए जाने पर पंजीयन निलंबन की कार्रवाई के लिए पंचनामा तैयार किया गया।

दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, डस्टबिन का उपयोग करने, कीट नियंत्रण व्यवस्था लगाने और खाद्य पदार्थों को ढककर रखने के निर्देश दिए गए। जिन प्रतिष्ठानों के पास खाद्य पंजीयन नहीं था, उन्हें तुरंत पंजीयन कराने को कहा गया।

प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे केवल स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य पदार्थों का ही सेवन करें और अखबारी कागज में परोसे जा रहे खाद्य पदार्थों का विरोध करें। साथ ही अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *