बिलासपुर में बिजली विभाग की लापरवाही उजागर: शिकायत के बावजूद घंटों गुल रही सप्लाई, स्टाफ ने माना—“काम ज्यादा था, टीम नहीं भेजी”

बिलासपुर में बिजली विभाग की लापरवाही उजागर: शिकायत के बावजूद घंटों गुल रही सप्लाई, स्टाफ ने माना—“काम ज्यादा था, टीम नहीं भेजी”

नगर रिपोर्टर वहीदुल्ला खान

बिलासपुर | विशेष रिपोर्ट
शहर के ओम नगर जरा भाटा क्षेत्र में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां उषा अपार्टमेंट के पास से आगे मोहल्ले में एक फेस की बिजली दोपहर 1:00 बजे से ही ठप हो गई। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से स्थानीय रहवासी परेशान होते रहे, लेकिन समय पर विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
मोहल्ले के लोगों ने सबसे पहले नेहरू नगर स्थित बिजली कार्यालय में फोन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि वहां तैनात स्टाफ ने फोन तक नहीं उठाया। इसके बाद मजबूर होकर क्षेत्रवासियों ने करीब 2:30 बजे कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
इसके बावजूद शाम 5:45 बजे तक भी बिजली बहाल नहीं होने पर नाराज लोगों ने मीडिया से संपर्क किया। मीडिया टीम जब नेहरू नगर बिजली कार्यालय पहुंची और अधिकारियों से सवाल किया कि आखिर कार्रवाई क्यों नहीं हुई, तो विभाग की ओर से चौंकाने वाला जवाब सामने आया।
सुपरवाइजर पांडे ने पहले तो किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने से साफ इनकार कर दिया। हालांकि, जब मीडिया ने मौके पर ही सच्चाई जानने का आग्रह किया, तो उन्होंने अपने स्टाफ से फोन पर बात कराई। इस दौरान स्टाफ ने यह स्वीकार किया कि शिकायत दर्ज हुई थी, लेकिन “काम ज्यादा होने” के कारण मौके पर टीम नहीं भेजी जा सकी।
मामले को लेकर जब सहायक अभियंता से संपर्क किया गया, तो उन्होंने भी जिम्मेदारी से बचते हुए सुपरवाइजर का नंबर देकर बात करने को कहा। पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग मीडिया के पास मौजूद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली कटौती का कोई निश्चित समय नहीं है। “कभी भी, किसी भी समय बिजली बंद कर दी जाती है, जिससे खासकर गर्मी में भारी परेशानी उठानी पड़ती है,” एक निवासी ने बताया।
क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि लापरवाही पर रोक लगाई जाए और कर्मचारियों को सजग रहने के निर्देश दिए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।
(रिपोर्ट जारी… क्षेत्रवासियों में आक्रोश, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग तेज)

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *