कलेक्टर ने जनगणना प्रशिक्षण का किया निरीक्षण, 01 मई से शुरू होगा घर-घर सर्वे

कलेक्टर ने जनगणना प्रशिक्षण का किया निरीक्षण, 01 मई से शुरू होगा घर-घर सर्वे

30 अप्रैल तक स्वगणना पोर्टल पर जानकारी भरने का मौका, साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील
मुंगेली, 20 अप्रैल 2026।
जिले में आगामी जनगणना कार्य को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने स्वामी आत्मानंद दाऊपारा में आयोजित जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर प्रगणकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रशिक्षण ले रहे प्रगणकों से संवाद करते हुए जनगणना की बारीकियों को समझा और कहा कि यह एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें सटीकता और पारदर्शिता बेहद जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक जानकारी को सावधानीपूर्वक दर्ज किया जाए और तय प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने प्रगणकों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में लाकर जनगणना कार्य को त्रुटिरहित ढंग से पूरा करें, ताकि जिले में यह कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके। साथ ही, उन्होंने गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी।
जिला सांख्यिकी अधिकारी श्री प्रीतेश अहिरवार ने बताया कि जनगणना के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। इस बार जनगणना प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी, जिससे पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्वगणना पोर्टल https://se.census.gov.in/⁠� के माध्यम से अपने घर और परिवार से जुड़ी जानकारी स्वयं ऑनलाइन भर सकते हैं। ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने पर एक एसई आईडी प्राप्त होगी, जिसे सर्वे के दौरान दिखाना अनिवार्य होगा। प्रगणक इस आईडी का सत्यापन कर डेटा की समीक्षा करेंगे।
साइबर ठगी से रहें सतर्क
प्रशासन ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि 01 मई से पहले कोई भी अधिकृत जनगणना कर्मचारी घर-घर नहीं जाएगा। यदि कोई व्यक्ति जनगणना के नाम पर व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी मांगता है, तो यह धोखाधड़ी हो सकती है। जनगणना पूरी तरह निःशुल्क प्रक्रिया है और इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, पिन जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।
फर्जीवाड़े से बचने के लिए जरूरी सावधानियां
जनगणना कर्मचारी का पहचान पत्र अवश्य जांचें
संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज से बचें
मोबाइल या व्हाट्सएप पर आए अनजान लिंक पर क्लिक न करें
किसी के दबाव में आकर जानकारी साझा न करें
क्रमांक//04-102

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *