बिलासपुर में अग्नि सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ, 200 जवानों की जागरूकता रैली निकली

बिलासपुर में अग्नि सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ, 200 जवानों की जागरूकता रैली निकली

शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि, आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
बिलासपुर, 14 अप्रैल 2026 | विशेष रिपोर्ट
नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ मुख्यालय नवा रायपुर के निर्देशानुसार बिलासपुर जिले में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। पहले दिन जिले में भव्य जन-जागरूकता रैली निकालकर नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया।
अग्नि सुरक्षा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य अग्नि दुर्घटनाओं में शहीद हुए अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करना और आमजन में जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर शहीद अग्निशमन कर्मियों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया गया।
उल्लेखनीय है कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया डॉकयार्ड में आयुध से भरे जहाज में भीषण अग्निकांड हुआ था, जिसमें सैकड़ों लोगों के साथ लगभग 66 अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता है।
अग्नि सुरक्षा सप्ताह के प्रथम दिवस मंगलवार सुबह 8 बजे मुंगेली नाका चौक से रैली को उप महानिरीक्षक नगर सेना एवं एसडीआरएफ श्री एल.पी. वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का संचालन संभागीय सेनानी के मार्गदर्शन एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री दीपांकूर नाथ के निर्देशन तथा स्टेशन फायर ऑफिसर श्री वेद नारायण सेन के नेतृत्व में किया गया।
रैली मुंगेली नाका से प्रारंभ होकर नेहरू चौक, देवकी नंदन चौक, गोल बाजार, गांधी चौक, तारबहार, सीएमडी चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग, व्यापार विहार, महाराणा प्रताप चौक, रिंग रोड और मंगला चौक होते हुए पुनः मुंगेली नाका पर समाप्त हुई। इसमें नगर सेना, एसडीआरएफ (परसदा एवं बिलासपुर संभाग) तथा अग्निशमन विभाग के लगभग 200 जवान शामिल हुए।
रैली के दौरान नागरिकों को आग से बचाव के उपाय, आवश्यक सावधानियां तथा आपात स्थिति में क्या करें और क्या न करें, इसकी विस्तृत जानकारी दी गई।
अग्नि सुरक्षा सप्ताह के दौरान रैली, बैनर-पोस्टर, निबंध प्रतियोगिता और मॉक ड्रिल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें।
साथ ही इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए आग से बचाव के विशेष उपायों की जानकारी भी लोगों को दी जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *