42 वर्षों की परंपरा: छत्तीसगढ़ में रामनवमी शोभायात्रा की भव्य तैयारी, रायपुर और बिलासपुर में दिखेगा आस्था का अद्भुत संगम

42 वर्षों की परंपरा: छत्तीसगढ़ में रामनवमी शोभायात्रा की भव्य तैयारी, रायपुर और बिलासपुर में दिखेगा आस्था का अद्भुत संगम

बिलासपुर | न्यूज़ डेस्क:
छत्तीसगढ़ में पिछले 42 वर्षों से रामनवमी के पावन अवसर पर शिवसेना द्वारा निकाली जा रही भव्य शोभायात्रा इस वर्ष भी पूरे उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित की जाएगी। यह शोभायात्रा अब धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक बन चुकी है।
इस क्रम में राजधानी रायपुर में 28 मार्च को प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के नेतृत्व में आकर्षक शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोरों पर हैं।
वहीं बिलासपुर में भी पिछले 41 वर्षों से यह परंपरा निरंतर जारी है। इस वर्ष 8 अप्रैल को बिलासपुर एवं मस्तूरी क्षेत्र में शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें आकर्षक झांकियां, धार्मिक ध्वज, भजन-कीर्तन और पारंपरिक वेशभूषा में शामिल श्रद्धालु मुख्य आकर्षण रहेंगे।
आयोजन की तैयारियां शिवसेना के प्रदेश सचिव संतोष कौशल, प्रदेश उपाध्यक्ष धनंजय सिंह चौहान एवं जिला अध्यक्ष मुकेश देवांगन के नेतृत्व में की जा रही हैं। पदाधिकारियों द्वारा लगातार बैठकें लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
प्रदेश सचिव संतोष कौशल ने कहा कि यह शोभायात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
जिला अध्यक्ष मुकेश देवांगन ने बताया कि रायपुर में शोभायात्रा फूल चौक स्थित नवीन बाजार से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए निर्धारित स्थल तक पहुंचेगी।
आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा, यातायात, पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *