एलपीजी कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई: 363 से अधिक सिलेंडर और भारी मात्रा में उपकरण जब्त

reporter wahidulla Khan

बिलासपुर में खाद्य विभाग का छापा, अवैध भंडारण पर सख्त रुख — आम नागरिकों से नियमानुसार बुकिंग की अपील
बिलासपुर, 18 मार्च 2026। जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सैकड़ों गैस सिलेंडर और संबंधित उपकरण जब्त किए हैं।
शहर के मधुबन और दयालबंद क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास की गई छापामार कार्रवाई में भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से भंडारित पाए गए। जांच के दौरान टीम ने 14.2 किलोग्राम के 100 घरेलू सिलेंडर और 5 किलोग्राम के 263 सिलेंडर बरामद किए। इसके अलावा चूल्हा बर्नर, रेगुलेटर से भरी 8 बोरियां, 6 कार्टून और 25 नग खुले रेगुलेटर तथा 25 प्रेशर वॉल भी जब्त किए गए।
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह पूरा स्टॉक कालाबाजारी के उद्देश्य से अवैध रूप से रखा गया था। मौके पर ही सभी सामग्री को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और नागरिकों को किसी प्रकार की घबराहट की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ता नियमानुसार बुकिंग कर निर्धारित दरों पर ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कालाबाजारी या अवैध भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और शिकायत मिलने पर तुरंत छापामार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इस विशेष अभियान के तहत अब तक 8 मामलों में 310 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
खाद्य विभाग की अपील:
यदि कहीं एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी, अधिक कीमत पर बिक्री या अवैध भंडारण की जानकारी मिले, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *