छत्तीसगढ़ में गौधाम योजना की शुरुआत: 11 जिलों में 29 गौधाम शुरू, जोगीपुर में राज्य के पहले गौ अभ्यारण्य का शिलान्यास

छत्तीसगढ़ में गौधाम योजना की शुरुआत: 11 जिलों में 29 गौधाम शुरू, जोगीपुर में राज्य के पहले गौ अभ्यारण्य का शिलान्यास

बिलासपुर | 14 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ में गोधन संरक्षण और गौसेवा को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बटन दबाकर राज्य की महत्वाकांक्षी गौधाम योजना का शुभारंभ किया। योजना के प्रथम चरण में प्रदेश के 11 जिलों में 29 गौधाम ने कामकाज शुरू कर दिया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड के ग्राम जोगीपुर में राज्य के पहले गौ अभ्यारण्य का शिलान्यास भी किया। लगभग 184 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस अभ्यारण्य के विकास के लिए प्रथम चरण में 1 करोड़ 32 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके पूर्ण होने पर यहां करीब 2500 गौवंशों को सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। गौधाम योजना के माध्यम से बेसहारा और घुमंतू गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिलेगा तथा पशुधन संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गोधन संरक्षण और गौसेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के साथ एमओयू किया गया है। इसके तहत कई जिलों में गाय वितरण का कार्य भी शुरू किया गया है, जिससे दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि शासकीय भूमि पर स्थापित सभी गौधाम अब “सुरभि गौधाम” के नाम से जाने जाएंगे। इन गौधामों में पशुपालन, हरा चारा उत्पादन और गोबर से उपयोगी उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही सड़कों पर घूमने वाले गौवंश के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने की। उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है और गोधन संरक्षण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कृषि एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रदेश के सभी विकासखंडों में चरणबद्ध तरीके से 10-10 गौधाम स्थापित किए जाएंगे, जिससे गौवंश संरक्षण के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान और पशुपालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *