समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की योजनाओं की गहन समीक्षा, डिजिटल जनगणना-2027 और हीटवेव प्रबंधन पर दिए विशेष निर्देश

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की योजनाओं की गहन समीक्षा, डिजिटल जनगणना-2027 और हीटवेव प्रबंधन पर दिए विशेष निर्देश

✍️जिला मुख्यालय मुंगेली में सोमवार को आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परिणाममुखी कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठोस कार्ययोजना बनाकर योजनाओं में लक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले की रैंकिंग केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं में बेहतर हो सके।
✍️डिजिटल जनगणना-2027 की तैयारी तेज करने के निर्देश
कलेक्टर ने बताया कि आगामी जनगणना-2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी। यह दो चरणों में आयोजित की जाएगी—
प्रथम चरण: मकानों का सूचीकरण
द्वितीय चरण: जनसंख्या गणना
यह पूरा कार्य मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा तथा सेंसस मैनेजमेंट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम से मॉनिटरिंग होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रगणक, पर्यवेक्षक एवं ट्रेनर का चयन तकनीकी दक्षता के आधार पर किया जाए तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल हेड-काउंट प्रक्रिया है, इसमें किसी प्रकार का लाभ परिवर्तन या समानांतर सर्वे शामिल नहीं होगा।
✍️हीटवेव और पेयजल संकट से निपटने अग्रिम तैयारी पर जोर
गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने हीटवेव प्रबंधन, पेयजल उपलब्धता तथा आवश्यक संसाधनों की अग्रिम तैयारी करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की समस्या न हो। राशन दुकानों में चावल की समय पर उपलब्धता, चावल उत्सव की तैयारी तथा 28 फरवरी तक धान उठाव पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।
✍️निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता अनिवार्य
निर्माण विभाग को निर्देशित करते हुए कहा गया कि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। साथ ही ठेकेदारों के लंबित भुगतान समय-सीमा में पूर्ण करने और ग्रामीण यंत्र सेवा के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।
✍️कार्यालयीन अनुशासन और ई-ऑफिस प्रणाली का कड़ाई से पालन
बैठक में सभी अधिकारियों को बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा फाइलों का प्रेषण केवल ई-ऑफिस के माध्यम से करने के निर्देश दिए गए। मंगलवार और बुधवार को अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर आम जनता से मुलाकात करने तथा समय-सारणी कार्यालय में प्रदर्शित करने को कहा गया। शासकीय कार्यक्रमों में निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने पर भी जोर दिया गया।
✍️हितग्राही योजनाओं की समीक्षा, ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर ने आधार एनरोलमेंट, एमबीयू कार्य और विभिन्न हितग्राही योजनाओं में ई-केवाईसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। पंचायत विभाग अंतर्गत आजीविका डबरी, आंगनबाड़ी निर्माण, आवास पूर्णता, पीएम जनमन सहित कई योजनाओं की समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान कार्ड, एबीएचए कार्ड, टीकाकरण एवं संस्थागत प्रसव जैसे कार्यक्रमों में समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
✍️किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने कृषि विभाग को आगामी मौसम को देखते हुए खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अग्रिम तैयारी करने को कहा।
बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *