प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा

अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के सख्त निर्देश
मुंगेली, 13 फरवरी 2026/ प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिला पंचायत सभाकक्ष में आवास निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2024-26 के अंतर्गत स्वीकृत अप्रारंभ एवं अपूर्ण आवासों की ग्राम पंचायतवार गहन समीक्षा की गई।
जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय के निर्देशानुसार सहायक परियोजना अधिकारी श्री एल.के. कौशिक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अप्रारंभ आवासों को अनिवार्य रूप से शीघ्र प्रारंभ कराया जाए तथा जिन हितग्राहियों को द्वितीय किश्त की राशि प्राप्त हो चुकी है, उनके आवासों का कार्य हर हाल में समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए।
बैठक में 28 जनवरी को आयोजित पिछली समीक्षा बैठक से लेकर 13 फरवरी तक की 15 दिवस की प्रगति का तुलनात्मक विश्लेषण प्रस्तुत किया गया। इसमें कार्यों की गति बढ़ाने और लंबित मामलों को प्राथमिकता से निराकृत करने पर विशेष जोर दिया गया।
सहायक परियोजना अधिकारी श्री कौशिक ने तकनीकी सहायकों एवं आवास मित्रों को निर्देशित किया कि जिन हितग्राहियों के आवास अप्रारंभ या अपूर्ण हैं और जो पलायन पर हैं, उनसे मोबाइल एवं व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ अथवा पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। निर्माण की प्रगति के अनुरूप ही किश्त की राशि समय-सीमा में जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों पर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में आवास चौपाल नोडल अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (ग्रामीण यांत्रिकी सेवा), सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, श्री विनय छात्रे (ईआरईएस), श्री राजीव तिवारी, तकनीकी सहायक एवं आवास मित्र उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *