फाइलेरिया उन्मूलन हेतु 10 से 25 फरवरी तक सामूहिक दवा सेवन अभियान

फाइलेरिया उन्मूलन हेतु 10 से 25 फरवरी तक सामूहिक दवा सेवन अभियान

कलेक्टर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया से की सहभागिता की अपील

मुंगेली, 05 फरवरी 2026।
फाइलेरिया (हाथीपांव) जैसी गंभीर और लाइलाज बीमारी से बचाव एवं नियंत्रण के उद्देश्य से जिले में 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक सामूहिक दवा सेवन अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस संबंध में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर मीडिया प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2030 तक देश को फाइलेरिया मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। जिले में इस अभियान के तहत 08 लाख 51 हजार 895 से अधिक नागरिकों को दवा सेवन कराने का लक्ष्य रखा गया है।
कलेक्टर ने बताया कि फाइलेरिया जैसी बीमारी का पूर्ण इलाज संभव नहीं है, ऐसे में समय पर रोकथाम ही एकमात्र उपाय है। उन्होंने स्वयं अपनी ऊंचाई मापकर दवा की सही मात्रा लेने का संदेश दिया तथा फाइलेरिया रोधी दवाओं के वितरण एवं सेवन की प्रक्रिया का अवलोकन भी किया। इस दौरान जागरूकता वीडियो के माध्यम से लोगों को सामूहिक दवा सेवन हेतु प्रेरित किया गया।
अभियान की रूपरेखा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 02 वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी नागरिकों को डी.ई.सी., एल्बेंडाजोल एवं आईवरमेक्टिन दवा का सेवन कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के लिए 1,790 दलों के 3,580 से अधिक स्वास्थ्यकर्मी तैनात किए गए हैं।
प्रथम चरण (10–12 फरवरी): स्कूल, महाविद्यालय, आंगनबाड़ी एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में दवा सेवन
द्वितीय चरण (13–22 फरवरी): घर-घर जाकर दवा सेवन
मॉप-अप राउंड (23–25 फरवरी): छूटे हुए हितग्राहियों को दवा सेवन
साथ ही 10 से 25 फरवरी तक सभी सीएचसी, पीएचसी एवं निजी चिकित्सालयों में ओपीडी के पास एमडीए कॉर्नर स्थापित किए जाएंगे।
जनप्रतिनिधियों को किया गया जागरूक
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को फाइलेरिया की दवा सेवन हेतु जागरूक किया गया। जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने सभी जनप्रतिनिधियों से स्वयं दवा लेने एवं आमजनों को प्रेरित करने की अपील की।
फाइलेरिया रोग का प्रसार एवं लक्षण
डीपीएम गिरीश कुर्रे ने बताया कि फाइलेरिया रोग क्युलेक्स मच्छर के काटने से फैलता है। इसके लक्षण कई वर्षों बाद दिखाई देते हैं, जिनमें बुखार, पैरों या अंडकोष में सूजन तथा महिलाओं में स्तनों में सूजन शामिल है। क्युलेक्स मच्छर गंदे पानी में पनपते हैं, इसलिए गंदा पानी जमा न होने देना और मच्छर लार्वा नष्ट करना अत्यंत आवश्यक है।

कलेक्टर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया से की सहभागिता की अपील

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *