बिलासपुर में राष्ट्रीय युवा दिवस पर बनेगा विश्व रिकॉर्ड, 1500 से अधिक बच्चे स्वामी विवेकानंद की वेशभूषा में करेंगे वंदे मातरम् गान

डिप्टी सीएम अरुण साव के नेतृत्व में ऐतिहासिक आयोजन, नशामुक्ति का देंगे संदेश
बिलासपुर | न्यूज़ डेस्क
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ का बिलासपुर इस बार इतिहास रचने जा रहा है। 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री श्री अरुण साव के नेतृत्व में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने जानकारी दी कि पुलिस ग्राउंड बिलासपुर में 1500 से अधिक स्कूली बच्चे स्वामी विवेकानंद जी की वेशभूषा में एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन करेंगे। यह आयोजन न केवल एक विश्व रिकॉर्ड की ओर कदम होगा, बल्कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति और संस्कारों का संचार भी करेगा।
इस ऐतिहासिक आयोजन के दौरान 1500 से अधिक बच्चे नशा न करने की शपथ भी लेंगे, जिससे समाज में नशामुक्ति का सशक्त संदेश जाएगा। इसके साथ ही कंपनी गार्डन, बिलासपुर में स्वामी विवेकानंद जी के जीवन और विचारों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने बताया कि पुलिस ग्राउंड में ही 5500 स्क्वायर फीट से अधिक क्षेत्र में विशाल और आकर्षक रंगोली के माध्यम से स्वामी विवेकानंद जी का भव्य चित्र उकेरा जा रहा है, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस पर पूरे प्रदेश में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्वदेशी दौड़, युवा रत्न पुरस्कार वितरण सहित कई रचनात्मक गतिविधियाँ शामिल हैं। लेकिन बिलासपुर में होने वाला यह आयोजन पूरे देश में छत्तीसगढ़ की एक अलग पहचान स्थापित करेगा।
डिप्टी सीएम ने इसे बिलासपुर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *