बिहान योजना अंतर्गत कृषि एवं पशु सखी का जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

बिहान योजना अंतर्गत कृषि एवं पशु सखी का जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

मुंगेली, 20 दिसम्बर 2025//
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) अंतर्गत बिहान योजना के तहत जिला पंचायत के सभाकक्ष में कृषि सखी एवं पशु सखी का जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कृषि, उद्यानिकी सहित विभिन्न लाइन डिपार्टमेंट के अधिकारी एवं विषय विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सेवन दास एवं श्री चेतन दास कुर्रे द्वारा बीज शुद्धिकरण, भूमि शुद्धिकरण तथा इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही मृदा जांच, पादप पोषक तत्व प्रबंधन के महत्व एवं उनके व्यावहारिक उपयोग पर भी प्रशिक्षणार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
उद्यानिकी विभाग से डॉ. पूजा पहारे ने उद्यानिकी योजनाओं, फसल विविधीकरण तथा आयवर्धन की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कृषि सखी एवं पशु सखी को व्यवहारिक सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि फसल विविधीकरण एवं आधुनिक तकनीकों को अपनाकर ग्रामीण महिलाएं अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकती हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री बालेंद्र मिश्रा ने कृषि सखी एवं पशु सखी द्वारा ग्रामीण स्तर पर किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी भूमिका ग्रामीण आजीविका संवर्धन में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाते हैं, बल्कि कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में नवाचार को भी बढ़ावा देते हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विषय विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया तथा प्राप्त ज्ञान को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया।
क्रमांक// सुजीत कुमार सिंह

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *