बाबा के सत्य मार्ग पर चलकर ही बनेगा विकसित छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

बाबा के सत्य मार्ग पर चलकर ही बनेगा विकसित छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

लालपुर धाम में गुरु घासीदास जयंती एवं तीन दिवसीय मेले में शामिल हुए मुख्यमंत्री
लालपुर में नए महाविद्यालय सहित विकास कार्यों की बड़ी घोषणाएं

मुंगेली | 18 दिसंबर 2025

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज मुंगेली जिले के तहसील मुख्यालय लालपुर में आयोजित गुरु घासीदास जयंती एवं तीन दिवसीय मेले में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने बाबा गुरु घासीदास मंदिर एवं जैतखाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सतनामी कल्याण समिति बंधवा, लालपुर एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास द्वारा बताए गए सत्य, समानता और मानवता के मार्ग पर चलकर ही छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महापुरुषों के विचारों के अनुरूप समतामूलक और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने लालपुर क्षेत्र के युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए लालपुर में नवीन महाविद्यालय की घोषणा की। साथ ही मेला एवं कार्यक्रम आयोजन की राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये, कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वार निर्माण हेतु 25 लाख रुपये तथा मुंगेली सतनाम भवन के जीर्णोद्धार के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार प्रत्येक पात्र किसान से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए पूर्णतः संकल्पित है। धान खरीदी पूर्ण होने के बाद किसानों को अंतर की राशि शीघ्र अंतरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में धान का रकबा और किसानों की संख्या में वृद्धि हुई है। प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं और 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। पीएसी चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है तथा नई औद्योगिक नीति के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता के अवसर मिल रहे हैं।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में गांव, गरीब और सभी वर्गों का तेजी से विकास हो रहा है। अनुसूचित जाति प्राधिकरण के बजट को 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये किया गया है। उन्होंने बाबा गुरु घासीदास के “मनखे-मनखे एक समान” के संदेश को आज भी प्रासंगिक बताया।

कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सरकार द्वारा सतनामी समाज के शैक्षणिक विकास के लिए निरंतर सहयोग किया जा रहा है। अनुसूचित समाज के पांच प्रतिभावान बेटा-बेटियों को पायलट प्रशिक्षण हेतु 15-15 लाख रुपये की सहायता देने का निर्णय सरकार की दूरदर्शिता का परिचायक है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा सतनाम आचार संहिता एवं जागरूकता कैलेंडर का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, अहिवारा विधायक श्री डोमन लाल कोरसेवाड़ा, पूर्व विधायक श्री सनम जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पांडेय, उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, जनपद अध्यक्ष लोरमी श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में सतनामी समाज के अनुयायी उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में आईजी श्री संजीव शुक्ला, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *