धान खरीदी केंद्रों पर महिला किसानों की बढ़ती भागीदारी

धान खरीदी केंद्रों पर महिला किसानों की बढ़ती भागीदारी

‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप से सातों दिन 24 घंटे ऑनलाइन टोकन सुविधा

बिलासपुर, 17 दिसम्बर 2025।
जिले के धान खरीदी केंद्रों पर इन दिनों महिला किसानों की सक्रिय और नियमित मौजूदगी देखने को मिल रही है। समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी अभियान के तहत बड़ी संख्या में महिलाएं स्वयं केंद्रों पर पहुंचकर अपनी उपज का विक्रय कर रही हैं और खरीदी व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त कर रही हैं।

महिला किसानों का कहना है कि धान खरीदी के लिए शासन द्वारा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

नवाडीह गांव की महिला किसान शकुंतला धीवर ने बताया कि वे 63 कट्टी धान लेकर सीपत धान खरीदी केंद्र पहुंचीं। उन्होंने कहा कि टोकन प्राप्त करने से लेकर धान की तौल तक की प्रक्रिया सरल और सुव्यवस्थित रही, साथ ही केंद्र में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था मौजूद थी।

इसी तरह पंधी गांव से जांजी धान खरीदी केंद्र पहुंचीं महिला किसान श्रीमती लक्ष्मी ने बताया कि वे 100 कट्टी धान बेचने आई हैं और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।

महिला किसान सुनसुन बी ने 180 कट्टी धान बेचते हुए कहा कि धान खरीदी केंद्र में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं और समय पर तौल की जा रही है। वहीं जांजी धान खरीदी केंद्र में 100 कट्टी धान लेकर पहुंचीं महिला किसान श्रीमती सीमा ने भी खरीदी व्यवस्था को संतोषजनक बताया।

धान खरीदी प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाने के लिए शुरू की गई ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप का प्रभाव जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इस व्यवस्था के तहत किसानों को अब टोकन के लिए उपार्जन केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, क्योंकि सातों दिन 24 घंटे ऑनलाइन टोकन कटाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

ऑनलाइन एवं ऑफलाइन टोकन व्यवस्था लागू होने से धान खरीदी केंद्रों में भीड़भाड़ की स्थिति में कमी आई है। किसान निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचकर धान की तौल और विक्रय कर पा रहे हैं। त्वरित तौल, समयबद्ध खरीदी, पारदर्शी प्रक्रिया और प्रशासन की सतत निगरानी से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिल रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *