बिलासपुर में बड़ा रेल हादसा: मालगाड़ी और गेवरा पैसेंजर में जबरदस्त टक्कर, कई यात्री घायल

नगर रिपोर्टर वहीदुल्ला खान

बिलासपुर, 4 नवंबर (मंगलवार)। बिलासपुर रेल मंडल में मंगलवार को 4:35  बड़ा रेल हादसा हो गया। चौकसे कॉलेज लालखदान रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी और गेवरा रोड पैसेंजर ट्रेन की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पैसेंजर ट्रेन के तीन कोच पटरी से उतर गए और डिब्बों के परखच्चे उड़ गए। मौके पर यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे में करीब दो दर्जन यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई यात्रियों की हालत गंभीर है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ यात्रियों के अंदर फंसे होने की आशंका है, जिन्हें निकालने के लिए राहत-बचाव दल लगातार प्रयास कर रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, स्थानीय पुलिस, एनडीआरएफ एवं मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गई और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा जा रहा है। घायल यात्रियों का इलाज जारी है। मृतकों की संख्या को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि गंभीर स्थिति को देखते हुए मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा?

सूत्रों के अनुसार, कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रही गेवरा पैसेंजर ट्रेन, उसी ट्रैक पर आगे धीमी गति से चल रही मालगाड़ी के अत्यधिक करीब पहुंच गई। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर सिग्नल सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते यह टक्कर हुई।

टक्कर के बाद पैसेंजर ट्रेन का इंजन और आगे के डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जांच के आदेश

रेलवे अधिकारियों ने मामले की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। कहा जा रहा है कि सिग्नल और कम्युनिकेशन सिस्टम फेलियर की भी जांच की जा रही है। रेलवे ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञ टीम गठित कर दी है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *