नहर में डूबने से युवक की मौत, गांव में शोक की लहर

ग्राम पंचायत विजयनगर के फिटिंग पारा में एक हृदयविदारक हादसे में लक्ष्मण सिदार, पिता मट्टू सिदार की नहर के पानी में डूबने से मृत्यु हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लक्ष्मण को मुंह के बल पानी में गिरा हुआ देखा गया। सबसे पहले इस दर्दनाक दृश्य को गांव के कुछ चरवाहों ने देखा और तत्काल इसकी सूचना उपसरपंच मनोज सिंह, कोटवार और मृतक के परिजनों को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही कापू पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कापू अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम उपरांत शव को परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक लक्ष्मण के बारे में बताया गया कि वह राम और लक्ष्मण नामक जुड़वां भाइयों में से एक थे। उनके तीन छोटे बच्चे हैं। दुख की बात यह भी है कि कुछ समय पूर्व उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी, जिससे परिवार पहले से ही परेशान था।

आज लक्ष्मण का अंतिम संस्कार गांव में सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ उनके निवास स्थान फिटिंग पारा, विजयनगर में किया गया। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

 फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *