छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को मिला वैश्विक मंच, जियोहॉटस्टार पर लाइव देख रहे दर्शक

img 20261023 wa0235(1)

रायपुर में ओलंपियन और दिग्गज खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले, पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह बढ़ा रहे खिलाड़ियों का उत्साह

1 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर होगा फाइनल मुकाबला

बिलासपुर, 23 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान दिलाने की दिशा में आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग-2026 अब वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की इस पहल के तहत रायपुर में खेले जा रहे लीग के सभी मुकाबलों का जियोहॉटस्टार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण किया जा रहा है। इससे प्रदेश के खेलप्रेमियों के साथ देश-दुनिया के दर्शकों को भी छत्तीसगढ़ की हॉकी प्रतिभाओं और रोमांचक मुकाबलों को देखने का अवसर मिल रहा है।

img 20261023 wa0276

रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 21 अक्टूबर से शुरू हुई यह प्रतियोगिता 1 नवंबर तक चलेगी। लीग में अनुभवी खिलाड़ियों और ओलंपियनों की भागीदारी से मुकाबलों का रोमांच बढ़ गया है। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश में हॉकी को प्रोत्साहित करने, स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह बढ़ा रहे खिलाड़ियों का उत्साह

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के ब्रांड एम्बेसडर भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एवं ओलंपियन सरदार सिंह हैं। उनकी मौजूदगी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनी हुई है। लीग में दिग्गज खिलाड़ियों के नेतृत्व में विभिन्न टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।

इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 21 अक्टूबर को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से के मुख्य आतिथ्य तथा छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की अध्यक्षता में हुआ।

पहले ही मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स की शानदार जीत

लीग के शुरुआती मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। पहले दिन ओलंपियन सुरेन्द्र सिंह की कप्तानी वाली न्यायधानी नाइट्स ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की।

इस रोमांचक मुकाबले में केतन कुशवाहा को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। शुरुआती मुकाबले से ही प्रतियोगिता में टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।

महिला हॉकी को बढ़ावा देने के लिए प्रदर्शनी मुकाबला

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के अंतर्गत महिला हॉकी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 22 अक्टूबर को प्रदर्शनी मुकाबला आयोजित किया गया। इसमें इंद्रावती टाइग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महानदी फाल्कन्स को 4-1 से पराजित किया।

महिला टीमों के इस मुकाबले ने प्रतियोगिता में एक नया आकर्षण जोड़ा। इससे प्रदेश में महिला हॉकी को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराने की पहल को भी बल मिला।

29 अक्टूबर तक होंगे लीग मुकाबले, 31 अक्टूबर को सेमीफाइनल

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में 29 अक्टूबर तक प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का कार्यक्रम इस प्रकार है—

23 अक्टूबर

  • शाम 5:30 बजे — मैनपाट टाइटन्स बनाम बैलाडीला बुल्स
  • शाम 7:30 बजे — चक्रधर चैम्पियन्स बनाम संस्कारधानी स्ट्राइकर्स

24 अक्टूबर

  • शाम 5:30 बजे — राजधानी रॉयल्स बनाम चक्रधर चैम्पियन्स
  • शाम 7:30 बजे — न्यायधानी नाइट्स बनाम संस्कारधानी स्ट्राइकर्स

25 अक्टूबर

  • शाम 5:30 बजे — न्यायधानी नाइट्स बनाम बैलाडीला बुल्स
  • शाम 7:30 बजे — राजधानी रॉयल्स बनाम मैनपाट टाइटन्स

26 अक्टूबर

  • शाम 5:30 बजे — संस्कारधानी स्ट्राइकर्स बनाम बैलाडीला बुल्स
  • शाम 7:30 बजे — चक्रधर चैम्पियन्स बनाम मैनपाट टाइटन्स

27 अक्टूबर

  • शाम 5:30 बजे — न्यायधानी नाइट्स बनाम चक्रधर चैम्पियन्स
  • शाम 7:30 बजे — राजधानी रॉयल्स बनाम संस्कारधानी स्ट्राइकर्स

28 अक्टूबर

  • शाम 5:30 बजे — न्यायधानी नाइट्स बनाम मैनपाट टाइटन्स
  • शाम 7:30 बजे — राजधानी रॉयल्स बनाम बैलाडीला बुल्स

29 अक्टूबर

  • शाम 5:30 बजे — संस्कारधानी स्ट्राइकर्स बनाम मैनपाट टाइटन्स
  • शाम 7:30 बजे — चक्रधर चैम्पियन्स बनाम बैलाडीला बुल्स

30 अक्टूबर को सभी टीमों के लिए विश्राम का दिन निर्धारित है। इसके बाद 31 अक्टूबर को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल शाम 5:30 बजे और दूसरा सेमीफाइनल शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

राज्य स्थापना दिवस पर होगा खिताबी मुकाबला

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग-2026 का फाइनल मुकाबला 1 नवंबर को शाम 5:30 बजे खेला जाएगा। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाला यह मुकाबला प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण रहेगा। सेमीफाइनल में जीत दर्ज करने वाली टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।

जियोहॉटस्टार पर देख सकेंगे मुकाबलों का सीधा प्रसारण

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को जियोहॉटस्टार के माध्यम से वैश्विक स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने की पहल प्रदेश की हॉकी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे खिलाड़ियों को व्यापक पहचान मिलने के साथ प्रदेश में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की इस पहल के जरिए छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति को मजबूत करने, उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अब खेलप्रेमियों की निगाहें 31 अक्टूबर को होने वाले सेमीफाइनल और 1 नवंबर को खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *