सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की समीक्षा

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जनभागीदारी और जनसेवा को दिया जाएगा व्यापक स्वरूप

बिलासपुर, 15 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन से आयोजित वर्चुअल बैठक में प्रदेश के नगर निगमों के महापौर एवं आयुक्तों तथा नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्षों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से अभियान की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने और विकसित भारत-2047 के संकल्प से आमजन को जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने अभियान में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गतिविधियों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अभियान के दौरान होने वाली विभिन्न गतिविधियों के फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यक्रम और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण किया जाए। गतिविधियों की रील तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने को भी कहा गया, ताकि अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए वास्तविक बदलावों को भी प्रमुखता से सामने लाया जाए। इसके लिए लाभार्थियों की वास्तविक कहानियों, उपलब्धियों और अनुभवों को रिकॉर्ड कर डिजिटल माध्यमों से प्रचारित करने पर जोर दिया गया।

कई गतिविधियों का होगा आयोजन

बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा की कहानी’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा—मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं।

अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ प्रस्तावित है।

‘सेवा की कहानी’ में सामने आएंगी लाभार्थियों की उपलब्धियां

उप मुख्यमंत्री ने ‘सेवा की कहानी’ गतिविधि के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरणादायी वास्तविक कहानियों को सामने लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाए, जिससे अन्य नागरिक भी इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभ उठा सकें।

वहीं, ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं एक स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए गए।

स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने पर जोर

बैठक में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ से जुड़ी गतिविधियों को भी जनभागीदारी के साथ संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता को व्यापक जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाए।

उन्होंने नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों से नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को स्वच्छता अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ने का आह्वान करने को कहा।

उन्होंने ऐसे स्थानों और क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए, जहां स्वच्छता कार्यों के प्रभावी परिणाम दिखाई दे सकें। साथ ही अभियान से पहले और बाद की स्थिति का रिकॉर्ड तैयार करने को कहा, ताकि स्वच्छता प्रयासों से हुए वास्तविक बदलावों को स्पष्ट रूप से सामने लाया जा सके।

समयबद्ध क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने अभियान की गतिविधियों की नियमित निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन और बेहतर विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा भावना, जनभागीदारी और विकास के संकल्प को जमीनी बदलाव से जोड़ने का माध्यम बने।

mitting

बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। वहीं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेशकुमार क्षीरसागर और अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य भी उप मुख्यमंत्री के साथ सर्किट हाउस में मौजूद रहे।

sao

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *