छत्तीसगढ़ में होगी देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग

छत्तीसगढ़ में होगी देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग

छह टीमें लेंगी हिस्सा, 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होंगे मुकाबले; दर्शकों के लिए प्रवेश रहेगा निःशुल्क

बिलासपुर, 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई ऊंचाई देने की दिशा में राज्य स्तरीय हॉकी लीग का आयोजन किया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन रायपुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। संभावित रूप से 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होने वाली यह लीग देश के किसी भी राज्य में आयोजित होने वाली पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग होगी।

लीग का आयोजन हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर पूरी तरह प्रोफेशनल और व्यावसायिक स्वरूप में किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने रायपुर के नवीन विश्राम भवन में लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया।

श्री साव ने कहा कि लीग का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की युवा हॉकी प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की हॉकी की समृद्ध परंपरा रही है और राज्य में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। यह लीग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभव और प्रतिस्पर्धी वातावरण से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

छह टीमें होंगी मैदान में

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।

सभी टीमें लीग मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। सेमीफाइनल के बाद फाइनल मुकाबले में विजेता टीम का फैसला होगा। प्रतियोगिता में सभी अंपायर और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति हॉकी इंडिया द्वारा की जाएगी।

लोगो, टैगलाइन और शुभंकर बना आकर्षण

लीग का लोगो छत्तीसगढ़ के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के माध्यम से भारतीयता की भावना को दर्शाया गया है। आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेशवासियों की निरंतर प्रगति और आगे बढ़ने की भावना का प्रतीक है।

लीग की टैगलाइन “चलव रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है, जो छत्तीसगढ़ी बोली में अपनत्व और आमंत्रण का संदेश देती है।

वहीं लीग का आधिकारिक शुभंकर “बघवा” नामक बाघ है। यह छत्तीसगढ़ के घने जंगलों और समृद्ध वन्यजीव विरासत का प्रतीक है। बघवा साहस, शक्ति और निडरता के साथ खिलाड़ियों की जुझारू भावना को प्रदर्शित करेगा।

मैचों के साथ मनोरंजन का भी तड़का

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग केवल हॉकी प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहेगी। टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन विशेष मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे दर्शकों को रोमांचक हॉकी मुकाबलों के साथ मनोरंजन का भी अनुभव मिलेगा।

खास बात यह है कि लीग के सभी मुकाबलों में दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इससे बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों और युवाओं के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।

लीग के शुभारंभ कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, संचालक सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, संयुक्त संचालक श्री प्रभाकर पाण्डेय और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष श्री फिरोज अंसारी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *