भारी बारिश को लेकर सरकार अलर्ट, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिलों को दिए हाई अलर्ट के निर्देश

भारी बारिश को लेकर सरकार अलर्ट, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिलों को दिए हाई अलर्ट के निर्देश

रायपुर, 31 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग की ओर से कई जिलों के लिए जारी रेड एवं येलो अलर्ट के बीच राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सभी जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संभावित बाढ़, जलभराव और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में खतरे की आशंका अधिक है, वहां समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जनहानि की किसी भी संभावना को रोका जा सके।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की पूर्व तैयारी पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने निर्देशित किया कि राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां, प्राथमिक उपचार, बिजली, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। साथ ही महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों जैसे संवेदनशील वर्गों की विशेष देखभाल सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), पुलिस, होमगार्ड, नगर सेना, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत वितरण कंपनी तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नावों, राहत सामग्री, उपकरणों और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

मुख्यमंत्री ने जिला और राज्य स्तर पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश देते हुए मौसम की स्थिति, जलाशयों के जलस्तर, नदी-नालों की स्थिति और संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों की नियमित समीक्षा करने को कहा है। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल निर्णय लेकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रदेशवासियों से अपील करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नागरिक मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक रूप से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें।

राज्य सरकार का मानना है कि प्रशासन की सतर्कता, समय पर निर्णय और जनता के सहयोग से संभावित प्राकृतिक आपदा के प्रभाव को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *