बिलासपुर न्यूज़ | अयोध्या श्रीराम मंदिर चोरी के विरोध में उमड़ा जनसैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने निकाली ‘श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा’

बिलासपुर न्यूज़ | अयोध्या श्रीराम मंदिर चोरी के विरोध में उमड़ा जनसैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने निकाली ‘श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा’

बिलासपुर, 27 जुलाई। अयोध्या श्रीराम मंदिर में हुई चोरी की घटना के विरोध और भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के उद्देश्य से रविवार को बिलासपुर में ‘श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा’ के दूसरे दिन हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी के नेतृत्व में निकली यात्रा में शहर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए।

श्रद्धालु हाथों में नारियल और भगवा ध्वज लेकर “जय श्रीराम”, “जय सियाराम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष करते हुए पदयात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान विभिन्न मोहल्लों, वार्डों और गांवों में लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया तथा भगवान श्रीराम की आरती उतारी। कई श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा का नारियल अर्पित किया, जिन्हें अयोध्या धाम ले जाकर भगवान श्रीरामलला के चरणों में समर्पित किया जाएगा।

रविवार को यात्रा की शुरुआत महामाया मंदिर, बिजौर से पूजा-अर्चना के साथ हुई। यात्रा बहतराई, नवधा रामायण चौक, अटल चौक, भक्त माता कर्मा चौक, सरकंडा, साइंस कॉलेज, देवनंदन नगर, रामा ग्रीन सिटी, ड्रीम सिटी, खमतराई बस्ती और मुरूम खदान होते हुए अशोक नगर स्थित बगदाई मंदिर पहुंची, जहां सामूहिक आरती और भजन-कीर्तन के साथ दूसरे दिन का समापन हुआ।

इस दौरान विजय केशरवानी ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और अयोध्या में हुई चोरी की घटना ने रामभक्तों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की जन्मभूमि होने के कारण भगवान श्रीराम को यहां भांचा माना जाता है और यात्रा के माध्यम से श्रद्धा व सम्मान का संदेश दिया जा रहा है।

यात्रा में विधायक दिलीप लहरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, विजय पांडेय, विनोद साहू, महेश दुबे, संतोष गर्ग, हितेश देवांगन, मनोज सोनकर, अर्चना सूर्यवंशी सहित सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी और हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

तृतीय दिवस का कार्यक्रम (27 जुलाई)

आयोजकों के अनुसार, श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा का तीसरा दिन सोमवार, 27 जुलाई को दोपहर 12 बजे कोनी से प्रारंभ होगा। यात्रा गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, आईटीआई, इंजीनियरिंग कॉलेज, पं. सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय, बिरकोना, नगोई होते हुए ग्राम बैमा स्थित वैष्णो देवी मंदिर पहुंचेगी, जहां भंडारे के साथ प्रथम चरण का समापन होगा।

आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित यात्रा में शामिल होकर “श्रद्धा का एक नारियल… अपने भांचा श्रीराम के श्रीचरणों में” समर्पित करने की अपील की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *