सीएम हेल्पलाइन मामलों में लापरवाही पर सख्त कलेक्टर, दो अधिकारियों को नोटिस

सीएम हेल्पलाइन मामलों में लापरवाही पर सख्त कलेक्टर, दो अधिकारियों को नोटिस

समय-सीमा बैठक में कानून-व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

मुंगेली, 14 जुलाई 2026। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग जवाबदेही के साथ कार्य करे और जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा के दौरान शिकायतों के निराकरण में धीमी प्रगति पाए जाने पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के कार्यपालन अभियंता तथा जनपद पंचायत मुंगेली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर समस्याओं के समाधान की पुष्टि भी करें, ताकि शिकायतों का प्रभावी और संतोषजनक निराकरण हो सके।

बैठक में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा की भी समीक्षा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले पूर्व सूचना देने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी उपाय अपनाने, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, नियमित फील्ड निरीक्षण और रोड सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों को साइबर सुरक्षा और डिजिटल सतर्कता के प्रति लगातार जागरूक करने पर भी बल दिया।

कलेक्टर ने पेयजल, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पंचायतों और नगरीय निकायों में नालियों की नियमित सफाई, जलभराव रोकने तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल राम रावटे, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, एसडीएम अजय शतरंज, एसडीएम अजीत पुजारी, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *