ट्राइबल यूथ हॉस्टल के 13 अभ्यर्थियों ने UPSC प्रीलिम्स में लहराया परचम, सीटें बढ़ाने के फैसले का दिखा

ट्राइबल यूथ हॉस्टल के 13 अभ्यर्थियों ने UPSC प्रीलिम्स में लहराया परचम, सीटें बढ़ाने के फैसले का दिखा

छत्तीसगढ़ के युवाओं ने संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा 2026 में शानदार सफलता हासिल की है। नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में रहकर तैयारी कर रहे 13 अभ्यर्थियों ने प्रीलिम्स परीक्षा पास कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे राज्य की युवा शक्ति की बड़ी उपलब्धि बताया है।
यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 के परिणामों में छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का अवसर सामने आया है। दिल्ली के द्वारका स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में अध्ययनरत 13 विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। इनमें अधिकांश छात्र जनजातीय, ग्रामीण और सामाजिक रूप से वंचित वर्गों से आते हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति की क्षमता और संकल्प का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता को 50 सीटों से बढ़ाकर 200 सीट किया गया है। इस फैसले का सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है। इससे दूरस्थ वनांचल, जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को राजधानी दिल्ली में रहकर यूपीएससी सहित अन्य प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल रहा है।

सफल अभ्यर्थियों में गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे और प्रकाश पटेल शामिल हैं।

आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि ट्राइबल यूथ हॉस्टल जैसे संस्थान प्रतिभाशाली युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने इसे राज्य सरकार की शिक्षा और मार्गदर्शन आधारित योजनाओं की सफलता बताया।

निःशुल्क आवास, भोजन, पुस्तकालय, अध्ययन कक्ष, कोचिंग और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन जैसी सुविधाओं से लैस ट्राइबल यूथ हॉस्टल अब प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं के लिए सफलता की नई राह बना रहा है। 13 अभ्यर्थियों की यह उपलब्धि आने वाले समय में और अधिक युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं की ओर प्रेरित करेगी।

“दिल्ली के ट्राइबल यूथ हॉस्टल से निकली सफलता की नई कहानी, UPSC में चमके छत्तीसगढ़ के 13 युवा।”

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *