पीएम आवास निर्माण के अपूर्ण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करें – आयुक्त मनरेगा श्री तारन प्रकाश सिन्हा

पीएम आवास निर्माण के अपूर्ण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करें – आयुक्त मनरेगा श्री तारन प्रकाश सिन्हा

पीएम आवास, जनमन एवं मनरेगा के कार्यों की गहन समीक्षा, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
मुंगेली | 03 जनवरी 2026
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जनमन अंतर्गत आवास तथा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु आज जिला पंचायत सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त मनरेगा एवं संचालक प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने की।
बैठक में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आयुक्त श्री सिन्हा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अपूर्ण आवासों को 31 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीलर दीदियों के माध्यम से निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश
आयुक्त श्री सिन्हा ने निर्देशित किया कि आवास योजना के हितग्राहियों को रेत, सीमेंट, गिट्टी, शटरिंग प्लेट जैसी निर्माण सामग्री कम दर पर डीलर दीदियों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए, जिससे स्व-सहायता समूहों को आजीविका से जोड़ा जा सके और उन्हें आर्थिक लाभ प्राप्त हो।
उन्होंने ‘मोर गांव मोर पानी महाअभियान’ एवं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के बेहतर क्रियान्वयन हेतु जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। साथ ही कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने हितग्राहियों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने पर बल देते हुए बताया कि मुर्गी पालन, मछली पालन, कूप निर्माण एवं डबरी निर्माण जैसे हितग्राही मूलक कार्यों को मांग अनुसार मनरेगा अंतर्गत स्वीकृत किया जाए।
विशेष पिछड़ी जनजातियों को जनमन आवास का लाभ दिलाने पर जोर
वनांचल क्षेत्रों में विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा परिवारों को जनमन आवास योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। आयुक्त श्री सिन्हा ने कहा कि हितग्राहियों को स्वयं पक्का मकान निर्माण के लिए प्रेरित किया जाए तथा मैदानी कर्मचारी नियमित क्षेत्र भ्रमण कर उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करें।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने सभी विकासखंडों के जिला समन्वयकों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण कार्यों को 31 मार्च तक पूर्ण करने की बात दोहराते हुए हितग्राहियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ने तथा आवासों की छतों पर सोलर पैनल स्थापना के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
अमृत सरोवरों में आजीविका गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश
मनरेगा अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त श्री सिन्हा ने जिले के सभी अमृत सरोवरों में आजीविका आधारित गतिविधियां प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने मछली पालन, फलदार वृक्षारोपण एवं फूल उत्पादन जैसे कार्यों को महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से संचालित करने पर जोर दिया।
उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से कराने तथा लेबर बजट के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। भू-जल स्तर में वृद्धि एवं जल संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु वनांचल क्षेत्रों में आजीविका डबरी निर्माण पर विशेष बल दिया गया।
आयुक्त ने कहा कि मनरेगा अंतर्गत निर्मित सभी संरचनाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और मजदूरों का भुगतान समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *