डेंगू जागरूकता के लिए प्रचार रथ को कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी

डेंगू जागरूकता के लिए प्रचार रथ को कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी


बिलासपुर, 16 मई 2025:
राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जिले में डेंगू के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जिला कार्यालय परिसर से प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ ग्रामीण क्षेत्रों, हाट-बाजारों और शहरी वार्डों में जाकर लोगों को डेंगू के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी देगा।

इस पहल को राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रमोद तिवारी ने बताया कि डेंगू रोग एडीज मच्छर के काटने से होता है, जो विशेष रूप से दिन में सक्रिय रहता है।

डॉ. तिवारी ने बताया कि डेंगू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, आंखों के पीछे दर्द, जी मिचलाना, उल्टी, नाक-मुंह-मसूड़ों से रक्तस्राव और त्वचा पर चकत्ते शामिल हैं।

उन्होंने सुझाव दिया कि बीमारी से बचाव के लिए कूलर, पानी की टंकियों, पक्षियों के पीने के बर्तनों, फ्रिज की ट्रे, फूलदान आदि को सप्ताह में कम से कम एक बार खाली कर धूप में सुखाएं। साथ ही नारियल के खोल, टूटे बर्तन और पुराने टायरों में पानी जमा न होने दें। घरों में मच्छरदानी का प्रयोग करें और खिड़कियों व दरवाजों पर जाली लगवाएं।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *