स्वच्छता और पंचायत उन्नति सूचकांक पर दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

स्वच्छता और पंचायत उन्नति सूचकांक पर दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

ग्राम पंचायतों में स्वच्छता, सतत विकास और बेहतर योजना निर्माण पर दिया गया प्रशिक्षण
कलेक्टर ने जनसहभागिता से गांवों को स्वच्छ और विकसित बनाने का किया आह्वान
बिलासपुर, 8 जून 2026। क्षेत्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केंद्र, बिलासपुर में पंचायत प्रतिनिधियों, सरपंचों, सचिवों तथा ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए स्वच्छता एवं पंचायत उन्नति सूचकांक विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में स्वच्छ गांव-स्वच्छ जलवायु अभियान, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, ग्राम पंचायत विकास योजना तथा पंचायत उन्नति सूचकांक से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता और सतत विकास केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं है, बल्कि जनसहभागिता से ही इसके स्थायी और प्रभावी परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए अपने-अपने गांवों को स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने पंचायत उन्नति सूचकांक को ग्राम पंचायतों के कार्यों के वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, जनभागीदारी और नवाचारों के माध्यम से ग्रामीण विकास के लक्ष्यों को अधिक प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को कचरा पृथक्करण, स्वच्छता प्रबंधन के नवीन प्रावधानों, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आवश्यक उपायों की जानकारी दी। साथ ही पंचायत विकास योजनाओं के प्रभावी निर्माण, जनभागीदारी बढ़ाने और स्वच्छता गतिविधियों को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि पंचायत उन्नति सूचकांक ग्राम पंचायतों के समग्र विकास का आकलन करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और निगरानी में सहायता मिलती है। प्रशिक्षण सत्रों में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा ग्राम स्तर पर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में विभिन्न जनपद पंचायतों के प्रतिनिधि, सरपंच, सचिव, स्वच्छता कर्मी और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों ने अपने-अपने ग्रामों में स्वच्छता एवं सतत विकास गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *